hindisamay head


अ+ अ-

कोश

वर्धा हिंदी शब्दकोश

संपादन - राम प्रकाश सक्सेना


हिंदी वर्णमाला का स्वर वर्ण। उच्चारण की दृष्टि से यह निम्नतर-उच्च, अग्र, अगोलित हृस्व स्वर है।

इँडुआ (सं.) [सं-पु.] कपड़े से बनी छोटी गोल गद्दी जिसे बोझ उठाते समय सिर पर रख लेते हैं; गेंडुरी; बिड़ई।

इंक (इं.) [सं-स्त्री.] 1. स्याही; मसि; रोशनाई 2. काले, नीले आदि रंग का द्रव जिसको पेन में भरकर लिखने के काम में लाते हैं।

इंक-पैड (इं.) [सं-पु.] स्याही लगी गद्दी; मुहर, स्टैंप आदि के लिए स्याही लगाने में उपयोग किया जाने वाला पैड।

इंगला (सं.) [सं-स्त्री.] हठयोग में इड़ा नामक नाड़ी जिससे बाईं साँस चलती है।

इंगित (अ.) [सं-पु.] इशारा; संकेत; निर्देश; शरीर के किसी अंग द्वारा की गई ऐसी कोई हलचल जो किसी प्रवृत्ति या रुचि की सूचक हो; मनोभाव व्यक्त करने वाली अंग चेष्टा।

इंग्लिश (इं.) [सं-स्त्री.] अँग्रेज़ी भाषा; आँग्ल भाषा। [वि.] इंग्लैंड का निवासी; इंग्लैंड में उत्पन्न या बना हुआ।

इंग्लैंड (इं.) [सं-पु.] यूरोप का एक देश; ब्रिटेन; इंगलिस्तान; यूनाइटेड किंग्डम के चार प्रमुख भागों में से दक्षिण में स्थित भाग।

इंच (इं.) [सं-पु.] 1. लंबाई मापने की इकाई; एक फुट का बारहवाँ हिस्सा; तीन जौ की लंबाई ('जौ' का दाना गेहूँ के दाने से किंचित बड़ा और लंबा होता है) 2. {ला-अ.} ज़रा-सा; थोड़ा-सा, जैसे- इंच भर मुस्कान।

इंची (इं.+हिं.) [सं-स्त्री.] 1. इंच के माप का, जैसे- चार इंची 2. जिसके ऊपर इंच के चिह्न हों, जैसे- इंची टेप।

इंजन (इं.) [सं-पु.] 1. बिजली, भाप, तेल, पेट्रोल आदि से चलने वाला यंत्र 2. रेल के आगे लगने वाला यंत्र जो रेलगाड़ी को खींचता है 3. कल; मशीन।

इंजीनियर (इं.) [सं-पु.] यंत्र-विशेषज्ञ; अभियंता; मशीनों की कार्य-प्रणाली, सुधार आदि का विशेषज्ञ।

इंजीनियरिंग (इं.) [सं-पु.] यंत्र आदि के निर्माण, उसे चलाने तथा मरम्मत आदि का कार्य; इंजीनियर का कार्य, पद या व्यवसाय; अभियांत्रिकी।

इंजीनियरी (इं.) [सं-स्त्री.] इंजीनियरिंग।

इंजील (इं.) [सं-स्त्री.] ईसाइयों का धर्म-ग्रंथ; बाइबिल।

इंजेक्शन (इं.) [सं-पु.] दवा आदि को शरीर के अंदर प्रवेश कराने का एक उपकरण; सुई जिसके माध्यम से तरल औषधि शरीर में प्रवेश कराई जाती है।

इंटर (इं.) [वि.] बीच में; अंतर; एक से दूसरे तक; एक दूसरे से।

इंटरकॉम (इं.) [सं-पु.] फ़ोन, मोबाइल आदि में एक से अधिक फ़ोन लाइनों का परस्पर संजाल; अंतःसंचार।

इंटरनेट (इं.) [सं-पु.] 1. कंप्यूटरों का अंतःसंजाल; अंतरताना; अंतरजाल 2. कंप्यूटर, मोबाइल फ़ोन आदि के माध्यम से परस्पर सूचनाओं के आदान-प्रदान का विश्वव्यापी तंत्र।

इंटरनेशनल (इं.) [वि.] अंतरराष्ट्रीय; दो या अधिक राष्ट्रों के मध्य।

इंटरपोल (इं.) [सं-पु.] अंतरराष्ट्रीय पुलिस; इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गनाइज़ेशन।

इंटरप्रेटर (इं.) [सं-पु.] एक भाषा से दूसरी भाषा में मौखिक अनुवाद करने वाला व्यक्ति; दुभाषिया; निर्वचन अर्थात भाष्य या टीका करने वाला व्यक्ति।

इंटरफ़ेस (इं.) [सं-पु.] दो विषय क्षेत्रों, प्रणालियों का समन्वय बिंदु जहाँ वे एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं; सूचना प्रदाता (कंप्यूटर प्रोग्राम) तथा सूचना प्राप्तकर्ता (कंप्यूटर प्रयोक्ता) का संबंध स्थान; अंतराफलक; अंतरापृष्ठ।

इंटरमीडिएट (इं.) [वि.] बीच का; मध्य में स्थित; मध्यवर्ती।

इंटरलिंक (इं.) [क्रि-स.] दो या दो से अधिक कड़ियों या व्यक्तियों के बीच संबंध स्थापन।

इंटरवल (इं.) [सं-पु.] 1. दो घटनाओं के मध्य का अंतराल; समयांतराल; कालांतराल 2. मध्यांतर; मध्यावधि 3. अवकाश; विराम।

इंटरव्यू (इं.) [सं-पु.] साक्षात्कार; भेंटवार्ता; मुलाकात।

इंटरेक्टिव मीडिया (इं.) [सं-पु.] परस्पर संवादात्मक मीडिया।

इंटरैक्शन (इं.) [सं-पु.] संवादों का परस्पर आदान प्रदान।

इंटरोगेशन (इं.) [सं-पु.] कोई जानकारी लेने के लिए लंबे समय तक सख़्ती से की गई पूछ ताछ; सवाल-जवाब; परिप्रश्न।

इंटलेक्चुअल (इं.) [वि.] बौद्धिक; प्रज्ञात्मक; बुद्धिमान; बुद्धिजीवी।

इंटीरियर (इं.) [वि.] अंतस्थ; आंतरिक; भीतरी; आभ्यंतर। [सं-पु.] भवन या कमरे की भीतरी साज-सज्जा।

इंटेलिजेंस (इं.) [सं-स्त्री.] सोचने-समझने और सीखने की क्षमता; समझ; बुद्धि; होशियारी।

इंट्रेंस (इं.) [सं-पु.] 1. प्रवेश 2. प्रवेशद्वार; प्रवेशमार्ग।

इंट्रो (इं.) [सं-पु.] समाचार का पहला पैराग्राफ़ जिसमें पूरे समाचार का सार होता है; आमुख।

इंट्रोडक्शन (इं.) [सं-पु.] 1. परिचय 2. प्रवेश; आमुख; भूमिका; प्रस्तावना।

इंडस्ट्री (इं.) [सं-स्त्री.] उद्योग; व्यवसाय।

इंडहर [सं-पु.] उड़द या चने की दाल से तैयार किया हुआ सालन (मसाले युक्त रसेदार तरकारी)।

इंडिकेशन (इं.) [सं-पु.] संकेत; निर्देश; इशारा।

इंडियन (इं.) [वि.] भारतीय; हिंदुस्तानी।

इंडिया (इं.) [सं-पु.] भारत; हिंदुस्तान; एशिया महाद्वीप का एक देश; भारतवर्ष।

इंडेंट (इं.) [सं-पु.] 1. माल की फ़रमाइश 2. माल की फ़रमाइश के साथ भेजी जाने वाली माल की सूची।

इंडेक्स (इं.) [सं-पु.] किसी ग्रंथ, पुस्तक आदि की अनुक्रमणिका; सूची; तालिका; निर्देशिका।

इंडेफ़्थ (इं.) [क्रि.वि.] तथ्यों की गहराई तक जाना।

इंतकाम (अ.) [सं-पु.] किसी बात का बदला चुकाने के लिए किया जाने वाला काम; प्रतिशोध; प्रतिकार; किसी के द्वारा किए गए अपकार का चुकाया गया बदला।

इंतक़ाम (अ.) [सं-पु.] उर्दू उच्चारणानुसार वर्तनी (इंतकाम)।

इंतकाल (अ.) [सं-पु.] मौत; मृत्यु; निधन; इहलोक से निकलकर परलोक जाना।

इंतक़ाल (अ.) [सं-पु.] उर्दू उच्चारणानुसार वर्तनी (दे. इंतकाल)।

इंतख़ाब (अ.) [सं-पु.] 1. चुनना; चयन 2. चुनाव; निर्वाचन 3. छाँटना 4. पटवारी, लेखपाल के खाते की नकल या प्रतिलिपि जिसमें किसी खेत के क्षेत्रफल, स्थान, दिशा, मालिकाना हक आदि से संबंधित अर्थात खसरे-खतियौनी से संबंधित सूचनाएँ दर्ज होती हैं।

इंतज़ाम (अ.) [सं-पु.] व्यवस्था; किसी उत्सव, कार्य विशेष आदि का प्रबंध; बंदोबस्त।

इंतज़ामिया (अ.) [वि.] इंतज़ाम या प्रबंध करने का ज़िम्मा लेने वाला, जैसे- इंतज़ामिया कमेटी।

इंतज़ार (अ.) [सं-पु.] प्रतीक्षा; किसी का रास्ता देखना या बाट जोहना; आस लगाना।

इंतशार (अ.) [सं-पु.] 1. बिखरना; अस्त-व्यस्त होना; इधर-उधर फैलना 2. अस्त-व्यस्तता; गड़बड़ 3. चिंता; परेशानी; उद्विग्नता।

इंतहा (अ.) [सं-पु.] 1. चरम सीमा; पराकाष्ठा; अंतिम सीमा; आख़िरी हद 2. अत्यधिक; बहुत ज़्यादा।

इंतहाई (अ.) [वि.] 1. अंतिम; चरम; पराकाष्ठागत; आख़िरी हदवाला 2. अत्यधिक; बहुत।

इंदर [सं-पु.] दे. इंद्र।

इंदराज (फ़ा.) [सं-पु.] 1. लेखा-बही आदि में चढ़ाया जाना; पंजी आदि में लिखा जाना; दर्ज होना 2. प्रविष्टि; (एंट्री)।

इंदिरा (सं.) [सं-स्त्री.] 1. कांति; शोभा 2. (पुराण) विष्णु की पत्नी; लक्ष्मी 3. (काव्यशास्त्र) एक समवर्णिक छंद 4. आश्विन-कृष्णा एकादशी।

इंदीवर (सं.) [सं-पु.] 1. कमल 2. नीलकमल; नीलोत्पल।

इंदु (सं.) [सं-पु.] 1. चंद्रमा 2. कपूर 3. मृगशिरा नक्षत्र।

इंदुमती (सं.) [सं-स्त्री.] 1. पूर्णिमा 2. (पुराण) राजा अज की पत्नी।

इंदुर (सं.) [सं-पु.] चूहा।

इंदुशेखर (सं.) [सं-पु.] शिव।

इंद्र (सं.) [सं-पु.] 1. देवताओं का स्वामी 2. एक वैदिक देवता जो पानी बरसाता है 3. स्वर्ग का राजा 4. स्वामी; राजा; प्रधान। [वि.] 1. वैभवशाली; ऐश्वर्यवान 2. बड़ा; श्रेष्ठ, जैसे- राजेंद्र। [मु.] -का आसन डोलना या हिलना : आधिकारिक संपत्ति या पद के छिन जाने की आशंका बनी रहना। -का कोप होना : घोर वर्षा होना।

इंद्रगोप (सं.) [सं-पु.] गहरे लाल रंग का एक बरसाती कीड़ा; बीरबहूटी; इंद्रवधू।

इंद्रजव (सं.) [सं-पु.] कुटज या कुरैया का पौधा जिसके बीज का प्रयोग औषधि के रूप में होता है; इंद्रजौ।

इंद्रजाल (सं.) [सं-पु.] 1. माया-प्रपंच; माया जाल 2. जादूगरी 3. अद्भुत; आकर्षक और भ्रम में डालने वाला कार्य जो असंभव होने पर भी सहजता से घट जाए 4. अर्जुन का एक अस्त्र।

इंद्रजालिक (सं.) [वि.] 1. ऐंद्रजालिक; इंद्रजाल से संबंधित 2. जादूगरी जानने वाला; जादूगर।

इंद्रजित (सं.) [वि.] दे. इंद्रजीत।

इंद्रजीत (सं.) [वि.] इंद्र को जीतने वाला। [सं-पु.] रावण का पुत्र; मेघनाद।

इंद्रधनुष (सं.) [सं-पु.] वर्षा के पश्चात आसमान में दिखाई देने वाला लाल, नारंगी, पीला, हरा, आसमानी, नीला तथा बैंगनी रंगों का एक विशालकाय धनुष जैसा आकार; (रेनबो)।

इंद्रनील (सं.) [सं-पु.] एक प्रकार का रत्न; नीलम; नीलमणि।

इंद्रपरी (सं.) [सं-स्त्री.] 1. अप्सरा 2. {ला-अ.} बहुत सुंदर स्त्री।

इंद्रपुरी (सं.) [सं-स्त्री.] 1. (पुराण) इंद्र देवता की नगरी; इंद्रलोक; अमरावती 2. {ला-अ.} सुसज्जित या मनोरम स्थल।

इंद्रप्रस्थ (सं.) [सं-पु.] 1. (महाभारत) पांडवों की राजधानी जो खांडव वन को जलाकर बसाई गई थी 2. दिल्ली का अति प्राचीन नाम।

इंद्रलोक (सं.) [सं-पु.] 1. स्वर्ग; इंद्रपुरी 2. {ला-अ.} वह स्थान जहाँ विलासिता के सभी साधन उपलब्ध हों; मनोरम स्थल।

इंद्रा (सं.) [सं-स्त्री.] 1. इंद्र की पत्नी; शची 2. इंद्रायन नामक एक पौधा।

इंद्राणी (सं.) [सं-स्त्री.] 1. इंद्र की पत्नी; शची 2. दुर्गा।

इंद्रायन (सं.) [सं-पु.] तरबूज की तरह की एक बेल जिसका फल सुंदर किंतु कड़वा एवं विषैला होता है।

इंद्रायुध (सं.) [सं-पु.] 1. इंद्र का प्रसिद्ध अस्त्र; वज्र 2. इंद्रधनुष।

इंद्रासन (सं.) [सं-पु.] 1. इंद्र का सिंहासन; इंद्रपद 2. राजसिंहासन; राजगद्दी 3. {ला-अ.} वह स्थान जहाँ प्रत्येक प्रकार की सुख-सुविधा मिले।

इंद्रिय (सं.) [सं-स्त्री.] 1. शरीर के वे पाँच अंग जिनके द्वारा प्राणियों को बाह्य जगत और उसकी वस्तुओं का ज्ञान होता है; ज्ञानेंद्रिय- आँख, कान, नाक, जीभ और त्वचा 2. कर्मेंद्रिय- हाथ, पाँव, वाक, गुदा और उपस्थ 3. जननेंद्रिय- योनि और लिंग।

इंद्रियजित (सं.) [वि.] वह जिसने इंद्रियों को जीत लिया हो; जिसने इंद्रियों को अपने वश में कर लिया हो; जितेंद्रिय।

इंद्रियनिग्रह (सं.) [सं-पु.] इंद्रियों, भोगेच्छाओं को रोकने या वश में रखने की क्रिया; आत्मजय; आत्मसंयम; आत्मनियंत्रण।

इंद्रियलोलुप (सं.) [वि.] जिसे इंद्रियों के सुखभोग की बहुत अधिक लालसा हो।

इंद्रियसुख (सं.) [सं-पु.] इंद्रियों द्वारा भोगा हुआ सुख; विषय-सुख।

इंद्रियागोचर (सं.) [वि.] 1. जिसे ज्ञानेंद्रियों द्वारा जाना न जा सके; इंद्रियातीत; स्पर्श एवं दृष्टि से परे; स्पर्शागोचर; 2. अज्ञेय; रहस्यपूर्ण।

इंद्रियातीत (सं.) [वि.] जिसका अनुभव या ज्ञान इंद्रियों से न किया जा सके; अभौतिक; अगोचर; अज्ञेय; अमूर्त, जैसे- ईश्वर, परमात्मा, परमशक्ति।

इंद्रियाधीन (सं.) [वि.] जो इंद्रियों के वश में हो; विषयों में लिप्त; विलासी।

इंद्रियायतन (सं.) [सं-पु.] 1. इंद्रियों का आश्रयस्थान; देह; शरीर 2. (वेदांत) सूक्ष्म शरीर।

इंद्रियार्थ (सं.) [सं-पु.] इंद्रियों के भोग का विषय, जैसे- रूप, रस, गंध, शब्द और स्पर्श।

इंद्रियार्थवाद (सं.) [सं-पु.] 1. एक प्रकार का दार्शनिक सिद्धांत जिसमें यह माना जाता है कि हमें सब प्रकार के ज्ञान इंद्रियों की अनुभूति से ही प्राप्त होते हैं; संवेदनवाद; (सेंसुअलिज़म) 2. इंद्रियों की तृप्ति को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य मानने का विचार या मत; इंद्रियसुखवाद।

इंद्रियासक्त (सं.) [वि.] जो इंद्रियों के वशीभूत हो; इंद्रियादि सुख-भोगों के प्रति आसक्त; विषयासक्त।

इंपीरियल (इं.) [वि.] 1. साम्राज्य संबंधी 2. सम्राट संबंधी 3. राजसी; शाही।

इंपीरियलिज़म (इं.) [सं-पु.] साम्राज्यवाद; साम्राज्य-विस्तार की नीति।

इंपीरियलिस्ट (इं.) [सं-पु.] साम्राज्यवादी।

इंपोर्ट (इं.) [सं-पु.] आयात; वस्तु आदि के देश के बाहर से मँगवाए जाने की स्थिति।

इंपोर्टेड (इं.) [वि.] आयातित; देश के बाहर से मँगाई गई या लाई गई।

इंशाअल्ला (अ.) [क्रि.वि.] दे. इंशाअल्लाह।

इंशाअल्लाह (अ.) [क्रि.वि.] अल्लाह या ख़ुदा ने चाहा तो; ईश्वर की इच्छा हुई तो।

इंश्योरेंस (इं.) [सं-पु.] बीमा; किसी कंपनी के साथ की गई व्यवस्था जिसके अनुसार व्यक्ति उसे नियमित कालावधि में निश्चित की हुई राशि देता है और कंपनी उसे सुरक्षा देती है, जैसे- दुर्घटना, मृत्यु, चोरी, आगजनी तथा भूकंप आदि से हुई घर-हानि या दुकान-हानि पर धन का भुगतान।

इंसटालमेंट (इं.) [सं-पु.] किसी देय या भुगतान की कुल धनराशि का नियमित रूप से दिया जाने वाला हिस्सा; किस्त।

इंसुलिन (इं.) [सं-स्त्री.] 1. अग्न्याशय का एक अंतःस्रावी रासायनिक तत्व या हार्मोन जो शरीर में शर्करा की मात्रा को नियंत्रित करता है 2. मधुमेह के उपचार में दी जाने वाली दवा।

इंस्टिट्यूट (इं.) [सं-पु.] किसी विशेष उद्देश्य से निर्मित की गई संस्था; संस्था का भवन।

इंस्टिट्यूशन (इं.) [सं-पु.] सामाजिक, सांस्कृतिक या लोकहितकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्थापित प्रतिष्ठान या संस्था।

इंस्ट्रुमेंट (इं.) [सं-पु.] उपकरण; यंत्र।

इंस्पेक्टर (इं.) [सं-पु.] निरीक्षक; किसी मामले या स्थिति का निरीक्षण करने वाला, जैसे- पुलिस इंस्पेक्टर।

इंस्पेक्शन (इं.) [सं-पु.] निरीक्षण; जाँच-पड़ताल; देखरेख; मुआयना।

इक [वि.] पद्य अर्थात कविता, गीत आदि में लय निर्मिति व मात्रा संतुलन हेतु दीर्घ मात्रा के स्थान पर ह्रस्व मात्रा रखने के लिए 'एक' शब्द का लघु रूप।

इकट्ठा (सं.) [वि.] एक जगह जमा किया हुआ या रखा हुआ; एकस्थ; एकत्र किया हुआ। [अव्य.] 1. एक साथ 2. एक बार में।

इकतरफ़ा (हिं.+अ.) [वि.] 1. एक ओर का; एक ही पक्ष से संबंधित; एकपक्षीय 2. पक्षपातपूर्ण।

इकतारा [सं-पु.] 1. सितार जैसा एक वाद्य जिसमें एक ही तार रहता है 2. हाथ से बुना जाने वाला एक तरह का कपड़ा।

इकतालीस [वि.] संख्या '41' का सूचक।

इकतीस [वि.] संख्या '31' का सूचक।

इकन्नी [सं-स्त्री.] एक आना; एक रुपए का सोलहवाँ भाग; एकन्नी।

इकबारगी (फ़ा.) [क्रि.वि.] एकाएक; अचानक।

इकबाल (अ.) [सं-पु.] 1. प्रताप; तेज 2. किस्मत; भाग्य 3. धनदौलत; वैभव 4. अपराध आदि स्वीकार करने की क्रिया या भाव 5. स्वीकृति; इकरार।

इक़बाल (अ.) [सं-पु.] उर्दू उच्चारणानुसार वर्तनी (दे. इकबाल)।

इकबालमंद (अ.) [वि.] इकबालवाला; प्रतापी; ऐश्वर्यशाली।

इकबालिया (अ.) [वि.] आत्मस्वीकृति सूचक (बयान)।

इकबाली (अ.) [वि.] 1. अपना अपराध स्वीकार करने वाला 2. अभियुक्त 3. स्वीकार या इकरार करने वाला।

इकराम (अ.) [सं-पु.] 1. बख़्शीश; पुरस्कार; इनाम 2. अनुग्रह।

इकरार (अ.) [सं-पु.] 1. वादा; वचन 2. काम या बात हेतु दी गई स्वीकृति; अनुबंध।

इकरारनामा (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] वह कागज़ जिसपर इकरार और उसकी शर्तें लिखी हों; शपथपत्र; प्रतिज्ञापत्र।

इकरारी (अ.) [वि.] 1. इकरार संबंधी 2. इकरार करने वाला 3. अपना जुर्म या अपराध कबूल करने वाला।

इकलाई [सं-स्त्री.] 1. एक पाट का दुपट्टा या चादर 2. महीन सूती धोती जो जोड़े में बनती या बिकती नहीं बल्कि एक-एक करके बनती और बिकती है 3. अकेलापन; तनहाई।

इकलौता [वि.] ऐसी संतान जिसके अन्य भाई-बहन न हों; अकेली औलाद जो अधिक लाड़-प्यार में पलती है।

इकसठ [वि.] संख्या '61' का सूचक।

इकसीर (अ.) [सं-स्त्री.] लाभदायक और गुणकारक दवा।

इकहत्तर [वि.] संख्या '71' का सूचक।

इकहरा [वि.] एक ही परत वाला।

इकाई [सं-स्त्री.] 1. गिनती या संख्या में एक होने की अवस्था या भाव 2. एक व्यक्ति या वस्तु 3. समूह या वर्ग का एकांश 4. आधार-अंग, जिसे अँग्रेज़ी में यूनिट कहा जाता है 5. गणना में प्रथम अंक का स्थान 6. माप-तौल या नाप-जोख हेतु प्रयु्क्त मात्रक; (यूनिट)।

इकारांत (सं.) [वि.] ऐसे शब्द जिनके अंत में 'इ' हो, जैसे- हरि, मुनि आदि।

इकौना [सं-पु.] जो अन्न छाँटा या बीना न गया हो। [वि.] बेजोड़; अनुपम।

इक्का [सं-पु.] 1. घोड़े द्वारा खींची जाने वाली एक गाड़ी 2. अकेले लड़ने वाला योद्धा 3. अपने समूह से अलग रहने वाला पशु 4. ताश के खेल का एक बूटीदार पत्ता 5. एक तरह की बाली। [वि.] 1. अकेला 2. अनुपम; बेजोड़।

इक्का-दुक्का [वि.] अकेला-दुकेला; एकाध; बहुत कम; एक या दो।

इक्की [सं-स्त्री.] 1. ताश का इक्का 2. एक बैल की गाड़ी।

इक्कीस (सं.) [वि.] संख्या '21' का सूचक।

इक्कीसवाँ [वि.] 1. इक्कीस होने की अवस्था, भाव या दशा 2. बीस से एक अधिक की संख्यावाला 3. संख्या में बीस के ठीक बाद आने वाली संख्या, वस्तु या व्यक्ति।

इक्केवान (हिं.+फ़ा.) [सं-पु.] इक्का चलाने वाला व्यक्ति।

इक्यानवे [वि.] संख्या '91' का सूचक।

इक्यावन [वि.] संख्या '51' का सूचक।

इक्यासी [वि.] संख्या '81' का सूचक।

इक्षु (सं.) [सं-पु.] गन्ना; ईख।

इक्षुमती (सं.) [सं-स्त्री.] फर्रूखाबाद के पास स्थित ईखन नदी का पुराना नाम। [वि.] 1. गन्ने के रसवाली 2. जल या प्रवाह से युक्त।

इक्ष्वाकु (सं.) [सं-पु.] 1. सूर्यवंश के एक प्रसिद्ध राजा जो राजा मनु के पुत्र कहे गए तथा जिनके वंश में श्रीराम का जन्म हुआ था 2. कड़वी लौकी।

इक्सक्लूसिव (इं.) [वि.] 1. एकमेव; अनन्य; विशिष्ट 2. केवल एक पत्र या पत्रिका में प्रकाशनार्थ भेजा गया समाचार या लेख; अनन्य समाचार।

इख़राज (अ.) [सं-पु.] 1. ख़र्च 2. निकाल देना; बाहर करना; बहिष्कार।

इख़लास (अ.) [सं-पु.] 1. सरलता; निश्छलता 2. सच्चा और निष्कपट प्रेम।

इख़्तियार (अ.) [सं-पु.] 1. काबू; नियंत्रण 2. सामर्थ्य; शक्ति 3. अधिकार 4. प्रभुत्व; स्वत्व।

इख़्तियारी (अ.) [वि.] अपनी मर्ज़ी का; अपने इख़्तियार का।

इख़्तिलात (अ.) [सं-पु.] 1. मेलजोल; मैत्री-दोस्ती 2. चुंबन-आलिंगन 3. अनुराग; प्रेम-भाव।

इख़्तिलाफ़ (अ.) [सं-पु.] 1. बिगाड़; अनबन; वैमनस्य 2. विरोध; मतभेद; मुख़ालफ़त 3. ख़िलाफ़ होने की क्रिया या भाव।

इख़्तिसार (अ.) [सं-पु.] संक्षेपण; मुख़्तसर; कम करना।

इच्छा (सं.) [सं-स्त्री.] अभिलाषा; चाह; ख़्वाहिश; तमन्ना; कामना; इष्ट, प्रिय या सुखद वस्तु को प्राप्त करने की मनोवृत्ति; तृप्ति या संतोष के लिए मन में होने वाली चाह।

इच्छाचारी (सं.) [वि.] 1. सभी कार्य अपनी इच्छा के अनुसार करने वाला 2. अपनी इच्छा के अनुसार पृथ्वी के सभी भागों में विचरण करने वाला 3. स्वच्छंद; मनचाहा करने वाला; मनमौजी।

इच्छानुसार (सं.) [वि.] अपनी इच्छा या रुचि के अनुसार; इच्छा के आधार पर।

इच्छान्वित (सं.) [वि.] इच्छायुक्त; इच्छापूर्ण।

इच्छापत्र (सं.) [सं-पु.] वसीयतनामा; ऐसा पत्र जिसमें व्यक्ति अपनी इच्छानुसार मृत्यु के बाद अपनी संपत्ति आदि के बँटवारे की व्यवस्था के निर्देश देता है।

इच्छापूर्वक (सं.) [वि.] इच्छानुसार; इच्छा के अनुकूल।

इच्छामृत्यु (सं.) [सं-स्त्री.] अपनी इच्छा के अनुसार मृत्यु को वरण करने का अधिकार; अपनी इच्छा के अनुसार मरने का अधिकार।

इच्छार्थक (सं.) [वि.] जिससे इच्छा प्रकट हो।

इच्छाशक्ति (सं.) [सं-स्त्री.] 1. सोच-समझकर निर्णय लेने की क्षमता 2. किसी कार्य को करने की संकल्प शक्ति 3. इच्छा की दृढ़ता।

इच्छित (सं.) [वि.] वांछित; चाहा हुआ; जिसकी इच्छा या कामना की गई हो; अभीष्ट; अभिप्रेत।

इच्छुक (सं.) [वि.] किसी बात या वस्तु की इच्छा या कामना रखने वाला; अभिलाषी; चाहने वाला; आकांक्षी।

इजरा (अ.) [सं-पु.] 1. दीवानी न्यायालय द्वारा मिली डिगरी के अनुसार धन वसूल करने की विधिक प्रक्रिया या कार्रवाई; (एक्सीक्यूशन) 2. जारी या प्रचारित करने या कराने की क्रिया या भाव; शुरुआत।

इज़रायल (इं.) [सं-पु.] 1. एक प्राचीन देश 2. आधुनिक इज़रायल एशिया महाद्वीप का एक देश है जिसे आस-पास के देशों से भूमि लेकर द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद यहूदियों के लिए बसाया गया था।

इजलास (अ.) [सं-पु.] 1. अधिवेशन; बैठक; सभा 2. अदालत; न्यायालय; कचहरी 3. वह स्थान जहाँ अधिकारी या हाकिम बैठकर फ़ैसला करता है 4. अदालती काम के लिए बैठना 5. बहस-मुबाहिसे के लिए की गई बैठक।

इज़हार (अ.) [सं-पु.] 1. ज़ाहिर या प्रकट करना 2. निवेदन करना।

इजाज़त (अ.) [सं-स्त्री.] आज्ञा; अनुमति; स्वीकृति; परवानगी; मंज़ूरी।

इज़ाफ़ा (अ.) [सं-पु.] वृद्धि; बढ़ती; बढ़ोतरी; आय, मात्रा, मान आदि में होने वाली वृद्धि।

इज़ारबंद (फ़ा.) [सं-पु.] पाजामे के नेफे (पेटी) में डाला जाने वाला नाड़ा; पाजामे का नाड़ा या फीता।

इजारा (अ.) [सं-पु.] 1. किसी चीज़ को उजरत या किराये पर देना 2. ठेका; पट्टा; (कॉन्ट्रैक्ट) 3. इख़्तियार; अधिकार; स्वत्व।

इजारादार (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] किसी ज़मीन आदि को इजारे या ठेके पर लेने वाला व्यक्ति; काश्तकार; ठेकेदार; पट्टेदार।

इजारानामा (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] वह कागज़ जिसपर इजारे की शर्तें आदि दर्ज हों; अधिकार-पत्र; स्वत्व-पत्र; (कॉन्ट्रैक्ट डीड)।

इजिप्ट (इं.) [सं-पु.] मिस्र देश का अँग्रेज़ी नाम।

इज़्ज़त (अ.) [सं-स्त्री.] 1. प्रतिष्ठा; मान-सम्मान 2. आदर। [मु.] -उतारना : अपमानित करना। -रखना : प्रतिष्ठा की रक्षा करना।

इज़्ज़तदार (अ.+फ़ा.) [वि.] सम्मानित; प्रतिष्ठित।

इज्या (सं.) [सं-स्त्री.] 1. यज्ञ 2. पूजा; उपासना; अर्चना।

इटली (इं.) [सं-पु.] एक देश जो यूरोप के दक्षिण में स्थित है।

इटालियन (इं.) [सं-पु.] 1. इटली का निवासी 2. एक प्रकार का चिकना कपड़ा (इटली से निर्यात होने वाला)। [वि.] इटली का; इटली से संबंधित।

इटेलिक्स (इं.) [सं-पु.] छपाई के तिरछे अक्षर। इन्हें सजावट के लिए प्रयोग किया जाता है तथा पंक्तियों की प्रमुखता दिखाने के लिए भी इसका उपयोग होता है।

इटैलिक (इं.) [वि.] तिरछा टाइप; किसी एक ओर (प्रायः दाईं ओर) झुके मुद्राक्षर।

इठलाना [क्रि-अ.] इतराना; ऐंठ दिखाना; ठसक दिखाना; मटक-मटककर चलना; अदा या नाज़-नखरा करना।

इठलाहट [सं-स्त्री.] इठलाने की क्रिया या भाव।

इडली (त.) [सं-स्त्री.] उड़द की दाल और चावल को पीसकर बनाया जाने वाला एक दक्षिण भारतीय व्यंजन।

इड़ा (सं.) [सं-स्त्री.] 1. भूमि; पृथ्वी 2. हठयोग की साधना में रीढ़ के बाईं ओर से नासिका मार्ग तक मानी गई एक कल्पित नाड़ी; इंगला 3. बुद्धि; तर्क 4. मनु की दूसरी पत्नी 5. (पुराण) दक्ष की पुत्री जिसका विवाह कश्यप ऋषि से हुआ था।

इतना [वि.] 1. परिमाण, मात्रा या संख्या सूचित करने वाला एक सार्वनामिक विशेषण जो मूलतः हिंदी 'इस' का विकारी रूप है- इस मात्रा का, जैसे- इतना सुनते ही सब लोग उठकर खड़े हो गए 2. अधिक परिमाण या मात्रा के सूचक के रूप में, जैसे- इतना क्रोध! 3. सा, ही, तो आदि शब्दों से जुड़कर आने पर परिमाण या मात्रा की अल्पता का सूचक, जैसे- इतना-सा कहा तो नाराज़ हो गए।

इतमीनान (अ.) [सं-पु.] 1. संतोष; मन की शांति और स्थिरता; तसल्ली; समाधान 2. विश्वास; भरोसा।

इतर (सं.) [वि.] 1. अन्य; कोई और; दूसरा; भिन्न 2. हीन 3. साधारण।

इतराना [क्रि-अ.] 1. इठलाना; नखरा करना 2. अभिमान से युक्त आचरण करना।

इतराहट [सं-स्त्री.] अहंकार; गर्व; इठलाहट।

इतरेतर (सं.) [क्रि.वि.] परस्पर; आपस में; एक-दूसरे में। [वि.] पारस्परिक; आपस का।

इतरेतराभाव (सं.) [सं-पु.] (न्याय दर्शन) ऐसी स्थिति जब एक वस्तु या व्यक्ति के गुणों का दूसरे में अभाव हो; अन्योन्याभाव।

इतवार [सं-पु.] रविवार; सप्ताह का सातवाँ दिन।

इतस्ततः (सं.) [क्रि.वि.] इधर-उधर; यहाँ-वहाँ; बिखरी अवस्था में।

इति (सं.) [सं-स्त्री.] अंत; समाप्ति; पूर्णता। [अव्य.] समाप्ति सूचक शब्द।

इतिवृत्त (सं.) [सं-स्त्री.] 1. भूतकालिक घटनाओं का काल-क्रमानुसार लिखा हुआ विवरण; इतिहास 2. ऐतिहासिक बातों का कहानी आदि के रूप में वर्णन; आख्यान।

इतिवृत्तात्मक (सं.) [वि.] वर्णनात्मक या व्याख्यात्मक।

इतिश्री (सं.) [सं-स्त्री.] समाप्ति; अंत; पूर्णता।

इतिहास (सं.) [सं-पु.] 1. व्यक्ति, समाज या देश से संबंधित तथ्यात्मक घटनाओं का कालक्रमानुसार विवेचन 2. ऐतिहासिक घटनाओं का विवेचन करने वाला विषय या शास्त्र; (हिस्ट्री)।

इतिहासकार (सं.) [सं-पु.] इतिहास लिखने वाला; इतिहासज्ञ; इतिवृत्त लेखक।

इतिहासज्ञ (सं.) [सं-पु.] वह जो इतिहास का अच्छा ज्ञाता हो; इतिहासवेत्ता; इतिहास का विद्वान या विशेषज्ञ।

इतिहास-दर्शन (सं.) [सं-पु.] इतिहास की प्रक्रिया का विवेचन, मीमांसा और तद्विषयक पद्धतियों का निरूपण।

इतिहासबोध (सं.) [सं-पु.] इतिहास की समझ; संपूर्ण ऐतिहासिक स्थिति-परिस्थिति का आंतरिक ज्ञान या बोध।

इतिहासाश्रित (सं.) [वि.] इतिहास पर निर्भर।

इत्तफ़ाकइ (अ.) [सं-पु.] 1. भाव या विचारों का आपस में मिलना; मतैक्य; सहमति का भाव 2. अचानक से होने वाली कोई अनहोनी बात; संयोग।

इत्तफ़ाकन (अ.) [क्रि.वि.] इत्तफ़ाक से; संयोग से।

इत्तफ़ाकिया (अ.) [क्रि.वि.] इत्तफ़ाक से; संयोग से; अचानक से; आकस्मिक रूप से।

इत्तला (अ.) [सं-स्त्री.] सूचना; ख़बर; जानकारी।

इत्तलानामा (अ.) [सं-पु.] इत्तिला या सूचना दिए जाने के लिए दिया गया आधिकारिक पत्र; सूचनापत्र।

इत्तहाद (अ.) [सं-पु.] परस्पर होने वाला मेलजोल; दोस्ती; मित्रता 2. एका; एकता।

इत्तिला (अ.) [सं-स्त्री.] दे. इत्तला।

इत्तिहाद (अ.) [सं-पु.] दे. इत्तहाद।

इत्तिहादी (अ.) [वि.] एकतामूलक; मेल करने वाला।

इत्मीनान (अ.) [सं-पु.] दे. इतमीनान।

इत्यादि (सं.) [अव्य.] इसी प्रकार के अन्य; इसी तरह और; वगैरह।

इत्र (अ.) [सं-पु.] सुगंध या ख़ुशबू के लिए फूलों या कृत्रिम रसायनों से बनाया जाने वाला तरल पदार्थ; (सेंट)।

इत्रदान (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] इत्र रखने का पात्र; वह पात्र जिसमें इत्र रखकर ले जाया जाता है या लोगों के बीच सार्वजनिक उपयोग हेतु रखा जाता है।

इत्रदानी (अ.+फ़ा.) [सं-स्त्री.] इत्र रखने का छोटा सुराहीनुमा पात्र।

इधर [क्रि.वि.] 1. इस ओर; यहाँ; इस तरफ़ 2. आस-पास में; निकट।

इधर-उधर [क्रि.वि.] यहाँ-वहाँ; किसी अनिश्चित स्थान पर। [मु.] -करना : टालमटोल करना। -की बातें करना : व्यर्थ की बातें करना। इधर की उधर करना : चुगली करना।

इन [सर्व.] 'इस' का बहुवचन रूप।

इनकम (इं.) [सं-पु.] आय; आमदनी; अर्थागम।

इनकमटैक्स (इं.) [सं-पु.] आमदनी पर लगने वाला कर; आयकर।

इनकलाब (अ.) [सं-पु.] तीव्रता से घटित व्यापक परिवर्तन (व्यवस्था या सत्ता आदि में); क्रांति।

इनक़लाब (अ.) [सं-पु.] उर्दू उच्चारणानुसार वर्तनी (दे. इनकलाब)।

इनकलाबी (अ.) [वि.] 1. क्रांति लाने वाला; क्रांतिकारी; इनकलाब लाने वाला 2. इनकलाब संबंधी।

इनकार (अ.) [सं-पु.] 1. अस्वीकृति; नामंज़ूरी; 2. मुकरना; अपनी कही हुई बात से पीछे हट जाना।

इनकारी (अ.) [वि.] नकारात्मक; इनकार या अस्वीकृत करने वाला। [सं-स्त्री.] इनकार करने की क्रिया या भाव।

इनकिसार (अ.) [सं-पु.] अतिविनम्रता; ख़ाकसारी; विनयशीलता।

इनक्यूबेटर (इं.) [सं-पु.] समय पूर्व जन्मे शिशु को ज़िंदा रखने की मशीन।

इनक्वाइरी (इं.) [सं-स्त्री.] 1. सामान्य जानकारी प्राप्त करने के लिए की जाने वाली पूछताछ 2. किसी आपराधिक विषय से संबंधित व्यक्ति या व्यक्तियों के बारे में की जाने वाली जाँच-पड़ताल।

इनडोर (इं.) [वि.] जहाँ कोई आयोजन खुले में न होकर छत और दीवारों से घिरे स्थल में हो, जैसे- टेबल टेनिस की प्रतियोगिता इनडोर स्टेडियम में होती है।

इनपुट (इं.) [सं-पु.] 1. कंप्यूटर में संसाधन के लिए डाली जाने वाली सूचनाएँ 2. सूचनाएँ डालने का काम; निवेश 3. कंप्यूटर में संचित सामग्री।

इनफ़रमेशन फ़्लो (इं.) [सं-पु.] सूचना प्रवाह।

इनफ़ार्मेशन (इं.) [सं-स्त्री.] सूचना; किसी विषय या घटना से संबंधित समाचार, विज्ञप्ति आदि।

इनफ़ेक्टेड (इं.) [वि.] दूषित; संक्रमित; भ्रष्ट।

इनफ़ेक्शन (इं.) [सं-पु.] किसी रोग आदि का संक्रमण।

इनफ़ैनट्री (इं.) [सं-स्त्री.] पैदल फ़ौज।

इनफ़ॉर्मर (इं.) [वि.] सूचक; सूचना देने या पहुँचाने वाला; ख़बरी; भेदिया।

इनफ़ॉर्मेशन (इं.) [सं-पु.] सूचना; ख़बर; इत्तिला; जानकारी; ज्ञान।

इनफ़ोटेनमेंट (इं.) [सं-स्त्री.] मनोरंजन और सूचनाओं का साथ-साथ संप्रेषण।

इनफ़्लुएंज़ा (इं.) [सं-पु.] एक तीव्र संक्रमणकारी श्वासनली का रोग; श्लेष्माज्वर।

इनवर्टर (इं.) [सं-पु.] एक विद्युत परिवर्तक जो दिष्ट धारा को प्रत्यावर्ती धारा में परिवर्तित करता है। इससे प्राप्त प्रत्यावर्ती धारा किसी भी वोल्टता और आवृत्ति की हो सकती है।

इनवाइट (इं.) [सं-पु.] निमंत्रण; आमंत्रण। -करना [क्रि-स.] 1. निमंत्रण देना; बुलाना 2. {ला-अ.} आकृष्ट करना; प्रलोभन देना।

इनवाल्व (इं.) [सं-पु.] 1. शामिल; मिला हुआ 2. उलझा हुआ; फँसा हुआ (किसी कार्य या समस्या में)।

इनवेस्ट (इं.) [सं-पु.] पूँजी या धन का निवेश; व्यापारिक लाभ या मुनाफे के लिए किसी कार्य में पूँजी लगाने की क्रिया।

इनवेस्टमेंट (इं.) [सं-पु.] निवेश; लागत; लाभ प्राप्ति की दृष्टि से लगाया हुआ पैसा।

इनवॉइस (इं.) [सं-पु.] ऐसा एक औपचारिक पत्र जिसमें भेजे हुए माल, वस्तुओं और सेवाओं की सूची तथा अदा की जाने वाली राशि का विवरण होता है; चालान।

इनसाइक्लोपीडिया (इं.) [सं-पु.] वह संदर्भ ग्रंथ जिसमें विभिन्न विषयों पर जानकारी उपलब्ध रहती है; ज्ञानकोश; विश्वकोश।

इनसान (अ.) [सं-पु.] मनुष्य; मानव; आदमी।

इनसानियत (अ.) [सं-स्त्री.] 1. मनुष्यता; मानवता; आदमियत 2. उदारता; भलमनसाहत।

इनसानी (अ.) [वि.] इंसान या मनुष्य संबंधी; इंसान का।

इनसाफ़ (अ.) [सं-पु.] 1. न्याय; अदल 2. न्यायोचित फ़ैसला।

इनसालवेंट (इं.) [वि.] कर्ज़ चुकाने में असमर्थ होने की घोषणा करने वाला; दिवालिया।

इनाम (अ.) [सं-पु.] पुरस्कार; पारितोषिक; बख़्शीश; उपहार।

इनामदार (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] माफ़ीदार; वह जिसे माफ़ी ज़मीन मिली हो।

इनामी (अ.+हिं.) [वि.] 1. इनाम पाया हुआ; पुरस्कार पाया हुआ व्यक्ति 2. व्यक्ति जिसपर इनाम लगा हो।

इनायत (अ.) [सं-स्त्री.] दया; कृपा; अनुग्रह; मेहरबानी; अहसान; उपकार।

इने-गिने [वि.] जो गिनती में बहुत कम हों; कुछ; कतिपय; थोड़े से; चंद; चुने-चुनाए।

इनेमल (इं.) [सं-पु.] 1. एक कड़ा और चमकीला पदार्थ जो किसी धातु या वस्तु को सुरक्षित बनाने के काम में आता है; तामचीनी; (पेंट) 2. काष्ठ अथवा धातु पर की गई रंग-सज्जा; मीनाकारी 3. दाँत का बाहरी सफ़ेद और कठोर आवरण; दंतवल्क।

इन्हीं [सार्व. वि.] इन ही।

इन्हें [सर्व.] इनको।

इफ़रात (अ.) [सं-स्त्री.] बहुतायत; विपुलता; प्राचुर्य; बाहुल्य। [वि.] बहुत अधिक।

इफ़लास (अ.) [सं-पु.] दरिद्रता; गरीबी; मुफ़लिसी; कंगाली।

इफ़ाका (अ.) [सं-पु.] मरीज़ की अवस्था में सुधार; स्वास्थ्य लाभ; रोगमुक्ति।

इफ़ेक्ट (इं.) [सं-पु.] 1. प्रभाव; असर 2. नतीजा; परिणाम।

इफ़्तार (अ.) [सं-पु.] दिन भर के रोज़े अर्थात उपवास के बाद शाम का खाना; रोज़ा खोलना।

इफ़्तारी (अ.) [सं-स्त्री.] रोज़ा खोलने या इफ़्तार के वक़्त खाई जाने वाली चीज़ें।

इबरानी (अ.) [सं-पु.] 1. इब्राहीम के वंश का व्यक्ति 2. यहूदी। [सं-स्त्री.] यहूदियों की भाषा। [वि.] यहूदी का; यहूदी संबंधी।

इबादत (अ.) [सं-स्त्री.] बंदगी; आराधना; पूजा; उपासना; वंदना।

इबादतख़ाना (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] इबादत करने की जगह; इबादतगाह; मस्जिद-मंदिर आदि।

इबारत (अ.) [सं-स्त्री.] 1. लिखावट; वाक्यरचना 2. तहरीर; लेख; मज़मून 3. अक्षर विन्यास; लेखन शैली 4. श्रुतलेख।

इबारत-आराई (अ.+फ़ा.) [सं-स्त्री.] अलंकृत या लच्छेदार शैली में चित्रण; शब्दाडंबर; आलेख लिखने की क्रिया।

इब्तिदा (अ.) [सं-स्त्री.] आदिकाल; उत्पत्ति; आरंभ; शुरुआत।

इब्न (अ.) [सं-पु.] लड़का; बेटा; पुत्र।

इब्राहीम (अ.) [सं-पु.] यहूदियों के आदि पुरुष; इस्लाम धर्म के अनुसार एक पैगंबर।

इमदाद (अ.) [सं-स्त्री.] 1. सहायता; मदद; सहयोग 2. मदद के रूप में दिया जाने वाला धन या सामान।

इमदादी (अ.) [वि.] 1. मदद पाने वाला 2. इमदाद के रूप में होने वाला।

इमरजेंसी (इं.) [सं-पु.] आपात स्थिति; आपातकाल; आकस्मिक संकट।

इमरती (सं.) [सं-स्त्री.] उड़द की दाल की पीठी से बनाई जाने वाली जलेबी की तरह की छल्लेदार एक मिठाई।

इमरतीदार (हिं.+फ़ा.) [वि.] जिसमें इमरती की तरह गोल-गोल घेरे या बल पड़े हों, जैसे- इमरतीदार कंगन।

इमला (अ.) [सं-पु.] 1. शब्दों को शुद्ध रूप में और क्रमवार लिखना; अनुलेख 2. किसी के द्वारा बोले गए शब्दों को शुद्ध वर्तनी में लिखते जाना; श्रुतलेख।

इमलाक (अ.) [सं-पु.] 1. संपत्ति; जायदाद; मिलकियत 2. किसी को किसी वस्तु का, संपत्ति का स्वामी या मालिक बनाना।

इमली [सं-स्त्री.] एक खट्टा फल जिसकी चटनी बनाई जाती है; पकने पर यह खट्टा-मीठा हो जाता है। [सं-पु.] इमली का पेड़।

इमल्शन (इं.) [सं-पु.] मिश्रित न होने वाले द्रवों (जैसे- तेल और पानी) का मिश्रण या घोल।

इमाम (अ.) [सं-पु.] मुसलमानों में धार्मिक कृत्य कराने वाला व्यक्ति; पुरोहित; अगुआ; पथ-प्रदर्शक।

इमाम ज़ामिन (अ.) [सं-पु.] हज़रत अली के पुत्र इमाम के संरक्षण-प्रतीक के रूप में रूमाल में रुपया लपेटकर बनाया गया ताबीज़।

इमामत (अ.) [सं-स्त्री.] 1. नेतृत्व 2. नमाज़ पढ़ने का काम।

इमामदस्ता (फ़ा.) [सं-पु.] जड़ी-बूटी आदि को कूटने-पीसने के लिए प्रयोग किया जाने वाला धातु का खल-बट्टा।

इमामबाड़ा (अ.+हिं.) [सं-पु.] मुसलमानों का वह धार्मिक स्थान जहाँ ताज़िए दफ़नाए जाते हैं; शिया मुसलमानों का धार्मिक स्थल।

इमारत (अ.) [सं-स्त्री.] भवन; मकान; लकड़ी या ईंट का भव्य एवं विशाल भवन।

इमारती (अ.) [वि.] 1. इमारत संबंधी 2. इमारत के निर्माण आदि में काम आने वाली, जैसे- इमारती लकड़ी।

इमेज (इं.) [सं-पु.] 1. लोगों के समक्ष व्यक्ति या संगठन के विषय में बनी सामान्य धारणा 2. मानसिक चित्र या कल्पना 3. आकृति या बिंब 4. किसी पुस्तक, फ़िल्म या चित्रकारी में कोई दृश्य, चित्र या वर्णन 5. किसी वस्तु या व्यक्ति का प्रतिबिंब या चित्र।

इम्तहान (अ.) [सं-पु.] 1. परीक्षा; (इग्ज़ैमिनेशन) 2. परख; जाँच; आज़माइश।

इम्तिनाई (अ.) [वि.] रोक लगाने वाला; निषेधक; प्रतिबंधक।

इम्तिनाय (अ.) [सं-पु.] मनाही; निषेध; रोक।

इम्तियाज़ (अ.) [सं-पु.] 1. भेद; अंतर 2. विवेक; तमीज़; समझ 3. विशेषता।

इयत्ता (सं.) [सं-स्त्री.] 1. हद; सीमा 2. परिमिति 3. सदस्यों की निश्चित संख्या जो सभा आदि के संचालन के लिए आवश्यक हो; गणपूर्ति; (कोरम)।

इयरफ़ोन (इं.) [सं-पु.] एक प्रकार का यंत्र जिसे कान में लगाकर संगीत, बातचीत आदि सुनते हैं; (हेडफ़ोन)।

इरफ़ान (अ.) [सं-पु.] 1. बुद्धि; विवेक; तमीज़ 2. ज्ञान 3. ब्रह्म ज्ञान।

इरशाद (अ.) [सं-पु.] 1. आज्ञा; आदेश 2. हिदायत या सलाह देना 3. किसी को ठीक रास्ता बतलाना; पथ प्रदर्शन 4. मुशायरों के दौरान गायक द्वारा शेर पेश करने के लिए श्रोताओं द्वारा प्रयुक्त अनुमति सूचक शब्द।

इरा (सं.) [सं-स्त्री.] 1. भूमि; पृथ्वी 2. वाणी 3. जल 4. अन्न 5. मदिरा; शराब 6. बृहस्पति की माता का नाम।

इराक (अ.) [सं-पु.] पूर्वी अरब का एक देश जिसकी राजधानी बगदाद है; पश्चिमी एशिया का एक प्रसिद्ध देश जिसे प्राचीन समय में मेसोपोटामिया के नाम से जाना जाता था।

इराकी (अ‍.) [वि.] 1. इराक संबंधी 2. इराक में रहने वाला (व्यक्ति) 3. इराक में उत्पादित। [सं-स्त्री.] इराक की भाषा।

इरादतन (अ.) [क्रि.वि.] इरादा या विचार करके; विचारपूर्वक; संकल्पपूर्वक; जानबूझकर।

इरादा (अ.) [सं-पु.] विचार; संकल्प; ख़्वाहिश; इच्छा।

इरावत (सं.) [सं-पु.] 1. मेघ 2. (पुराण) एक पर्वत का नाम 3. नाग-कन्या उलूपी से उत्पन्न अर्जुन का एक पुत्र। [वि.] तृप्त करने वाला; सुखकर।

इरावती (सं.) [सं-स्त्री.] 1. ब्रह्म देश की एक नदी; रावी नदी का पुराना नाम 2. कश्यप की पत्नी का नाम जिससे ऐरावत उत्पन्न हुए थे।

इर्दगिर्द (फ़ा.) [क्रि.वि.] आस-पास; चारों ओर।

इर्साल (अ.) [सं-पु.] 1. किसी के पास कोई चीज़ भेजना 2. भेंट; तोहफ़ा 3. लगान या मालगुज़ारी को नियत समय पर पहुँचाना।

इलज़ाम (अ.) [सं-पु.] आरोप; अभियोग; दोषारोपण।

इलहाक (अ.) [सं-पु.] 1. जोड़ना; मिलाना 2. मूल पुस्तक में ऊपर से कुछ जोड़ देना; क्षेपक 3. किसी प्रदेश को राज्य में मिला लेना।

इलहाम (अ.) [सं-पु.] 1. ईश्वर का शब्द या वाणी 2. देववाणी; आकाशवाणी 3. आत्मा की आवाज़ 4. ईश्वरीय ज्ञान या प्रेरणा 5. आत्मिक दृष्टि।

इला (सं.) [सं-स्त्री.] 1. बुद्धिमान स्त्री 2. पार्वती 3. सरस्वती 4. गाय 5. पृथ्वी 6. (पुराण) वैवस्वत मनु की कन्या और पुरूरवा की माता का नाम।

इलाका (अ.) [सं-पु.] 1. क्षेत्र; प्रदेश; राज्य; रियासत 2. एक व्यक्ति के अधीन स्थित भूखंड या गाँव की ज़मींदारी 3. प्रभुत्व-क्षेत्र 4. गुंडों की गुंडागर्दी का निश्चित क्षेत्र।

इलाकाई (अ.) [वि.] प्रदेश या क्षेत्र से संबंधित, जैसे- इलाकाई ख़बरें आदि।

इलाज (अ.) [सं-पु.] चिकित्सा; उपचार; रोग निवारक उपाय।

इलायची (सं.) [सं-स्त्री.] 1. एक सदाबहार पेड़ जिसके फल के सुगंधित बीज मसाले आदि में पड़ते हैं 2. उक्त पेड़ के फल जिसके बीज सुगंधित व स्वादिष्ट होते हैं।

इलास्टिक (इं.) [सं-पु.] 1. रबड़ से बना हुआ एक प्रकार का पदार्थ जिसमें लचीलापन होता है 2. रबड़ और कपड़े से बनी हुई डोरी। [वि.] लचीला; मुलायम; लचकदार।

इलाहाबाद (अ.) [सं-पु.] 1. उत्तर प्रदेश के एक शहर का नाम 2. बादशाह अकबर ने इलाहीधर्म के आधार पर इस शहर का नाम इलाहाबाद रखा 3. प्रयाग; प्रयागराज 4. गंगा-यमुना का संगम जहाँ महाकुंभ का मेला लगता है।

इलाही (अ.) [सं-पु.] ईश्वर; परमेश्वर; भगवान; परमात्मा; अल्लाह। [वि.] 1. ईश्वरीय 2. ईश्वर से संबंधित; अल्लाह का।

इलेक्ट्रिक (इं.) [वि.] 1. विद्युत उत्पन्न करने वाला 2. बहुत उत्तेजक या उत्तेजनापूर्ण।

इलेक्ट्रिकल (इं.) [वि.] 1. बिजली का 2. बिजली से संबंधित।

इलेक्ट्रिशियन (इं.) [सं-पु.] विद्युत संबंधी काम करने वाला व्यक्ति।

इलेक्ट्रिसिटी (इं.) [सं-स्त्री.] कृत्रिम बिजली या विद्युत।

इलेक्ट्रॉन (इं.) [सं-पु.] एक सूक्ष्म विद्युत कण; परमाणु का अवयव जो उसके नाभिक का चक्कर लगाता रहता है और जिसमें विद्युत का ऋणावेश होता है।

इलेक्ट्रॉनिक (इं.) [वि.] अनेक छोटे-छोटे विद्युत घटकों से परिचालित; विद्युतीय।

इलेक्ट्रॉनिक्स (इं.) [सं-स्त्री.] 1. भौतिक विज्ञान की एक शाखा जिसके अंतर्गत इलेक्ट्रान और उसके प्रभाव का अध्ययन किया जाता है 2. वह तकनीक जिसके द्वारा रेडियो, कंप्यूटर आदि विद्युतीय उपकरणों का निर्माण किया जाता है।

इलेक्ट्रोटाइप (इं.) [सं-पु.] विद्युत टंकण; विद्युत टाइप।

इलेक्ट्रोड (इं.) [सं-पु.] किसी परिपथ या सर्किट में विद्युत संपर्क स्थापित करने वाला चालक; बैटरी का वह बिंदु जहाँ से विद्युत धारा आती या जाती है; विद्युत द्वार।

इलेक्शन (इं.) [सं-पु.] चुनाव; मतदान द्वारा किया गया निर्वाचन।

इल्ताफ़ (अ.) [सं-स्त्री.] कृपा; दया; करम।

इल्तिजा (अ.) [सं-स्त्री.] प्रार्थना; विनती; निवेदन; मिन्नत; दरख़्वास्त; दुहाई।

इल्म (अ.) [सं-पु.] जानकारी; ज्ञान; विद्या।

इल्मियत (अ.) [सं-स्त्री.] विद्वता; पांडित्य।

इल्मी (अ.) [वि.] इल्म; ज्ञान या विद्या संबंधी।

इल्लत (अ.) [सं-स्त्री.] 1. बुरी लत; बुरी आदत; दुर्व्यसन 2. सबब; कारण 3. अपराध; दोष 4. कमी; त्रुटि 5. संकट; बाधा; झंझट 6. रोग; बीमारी 7. रद्दी; वाहियात चीज़।

इल्लती (अ‍.) [वि.] जिसे कोई बुरी लत लग गई हो; दुव्यर्सनी।

इल्ला (सं.) [सं-पु.] चमड़ी पर उभरा हुआ मांस का छोटा दाना; मांसकील।

इल्ली (सं.) [सं-स्त्री.] 1. चींटियों, कीट-पतंगों, तितलियों आदि के अंडे से निकलने के बाद की अवस्था 2. रेंगकर चलने वाला एक छोटा, पतला, सफ़ेद कीड़ा।

इशरत (अ.) [सं-स्त्री.] ऐशो-आराम; सुख-भोग; आनंद-मंगल।

इशा (अ‍.) [सं-स्त्री.] 1. रात्रि का प्रथम पहर 2. रात का अँधेरा 3. रात के प्रथम पहर में पढ़ी जाने वाली नमाज़।

इशाअत (अ.) [सं-स्त्री.] 1. प्रकट करना; प्रकटन 2. प्रचार; प्रसार 3. प्रकाशित करना 4. संस्करण; (एडीशन)।

इशारतन (अ.) [क्रि.वि.] इशारे से; संकेत से।

इशारा (अ.) [सं-पु.] 1. संकेत; इंगित 2. सूचना संप्रेषण हेतु की गई मूक, आंगिक चेष्टा 3. संक्षिप्त कथन 4. गुप्त प्रेरणा 5. सूक्ष्म आधार।

इशारेबाज़ी (अ.) [सं-स्त्री.] आपस में इशारे करना।

इश्क (अ.) [सं-पु.] प्रेम; मुहब्बत; आशिकी; चाहत; अनुराग।

इश्कबाज़ (अ.+फ़ा.) [सं-पु.] इश्क करने वाला; इश्क की मौज में रहने वाला व्यक्ति; आशिक; प्रेमी।

इश्कबाज़ी (अ.+फ़ा.) [सं-स्त्री.] 1. इश्क की मौज; आशिकी 2. व्याभिचार।

इश्किया (अ.) [वि.] इश्क संबंधी; इश्क के अंदाज़ में।

इश्के मजाज़ी (फ़ा.) [सं-स्त्री.] सांसारिक प्रेम।

इश्के हकीकी (फ़ा.) [सं-स्त्री.] ईश्वरीय प्रेम।

इश्तहार (अ.) [सं-पु.] 1. सार्वजनिक सूचना; (नोटिस) 2. विज्ञापन 3. घोषणा; एलान।

इश्तहारी (अ.) [वि.] जिसका विज्ञापन निकला हो; विज्ञापित।

इश्तिआल (अ.) [सं-पु.] 1. भड़कना या उत्तेजित होना 2. भड़काना; उत्तेजित करना।

इश्तियाक (अ.) [सं-पु.] शौक; इच्छा; लालसा; उत्कंठा; ललक।

इश्तिराक (अ.) [सं-पु.] 1. साझेदारी; भागीदारी; शिरकत 2. साम्यवाद; (कम्यूनिज़म)।

इश्तिहा (अ.) [सं-स्त्री.] 1. भूख; क्षुधा 2. कामना; इच्छा; ख़्वाहिश।

इषित (सं.) [वि.] 1. चलाया हुआ 2. प्रेषित 3. उत्तेजित 4. प्रेरित 5. प्रचंड; तीव्र।

इषु (सं.) [सं-पु.] 1. बाण; तीर 2. (ज्यामिति) वृत्त के अंदर जीवा के मध्य-बिंदु से परिधि तक खींची जाने वाली सीधी रेखा।

इष्ट (सं.) [सं-पु.] 1. किसी विशिष्ट कार्य या पदार्थ की सिद्धि या प्राप्ति के लिए मन में होने वाली तीव्र इच्छा, अभिलाषा या संकल्प 2. आराध्य देवता; ईश्वर 3. कुलदेव 4. हितकारी 5. श्रुति सम्मत या अग्निहोत्र आदि कर्म। [वि.] 1. वांछित; चाहा हुआ 2. पूजित; पूज्य; मान्य 3. इच्छित; अभिलाषित।

इष्टका (सं.) [सं-स्त्री.] 1. ईंट 2. यज्ञ कुंड बनाने की ईंट।

इष्टा (सं.) [सं-स्त्री.] प्रेमिका; प्रिया; महबूबा।

इष्टि (सं.) [सं-स्त्री.] 1. अभीष्ट काम या बात; अभिलाषा; आकांक्षा; चाह 2. प्राप्ति या सिद्धि के लिए होने वाला प्रयत्न 3. पशुओं, सोम आदि से भिन्न यज्ञ में की जाने वाली दूध, फल आदि की हवि।

इस [सर्व.] अन्य पुरुष निकटवर्ती 'यह' सर्वनाम का तिर्यक रूप या अर्थ; 'यह' का विभक्ति से पूर्व लगने वाला रूप। [सार्व.वि.] जब बतौर विशेषण 'इस' का प्रयोग हो, जैसे- इस बस में हम नहीं बैठे थे।

इसबगोल (फ़ा.) [सं-पु.] 1. औषधि के रूप में प्रयुक्त एक पौधा 2. उक्त पौधे के सफ़ेद बीजों से बनी हुई दवा जो उदर या पेट के विकारों को दूर करती है।

इसमाईल (अ.) [सं-पु.] 1. इब्राहीम का बेटा 2. सांबर तंत्र में एक योगी का नाम।

इसमाईली (अ.) [सं-पु.] शिया मुसलमानों का एक फ़िरका।

इसराईली (अ.) [सं-पु.] यहूदी।

इसराज [सं-पु.] सारंगी की तरह कमानी से बजाया जाने वाला एक प्रकार का बाजा।

इसराफ़ (अ.) [सं-पु.] अपव्यय; फ़िजूलखर्ची; धन की बर्बादी।

इसरार (अ.) [सं-पु.] आग्रह; हठ।

इसलामी (अ.) [वि.] 1. इसलाम संबंधी; इसलाम का 2. इसलाम धर्म में होने वाला।

इसलाह (अ.) [सं-पु.] गलती ठीक करना; सुधारना; रचना का संशोधन।

इसलिए [अव्य.] अतः; अतएव; इस कारण से।

इसहाल (अ.) [सं-पु.] पतले दस्त आना; अतिसार।

इसे (सं.) [सर्व.] 'इस' का कर्मकारक या संप्रदान कारक रूप, जैसे-इसे रोको मत; जाने दो।

इस्कात (अ.) [सं-पु.] चुप कर देने वाली बात करना; चुप कर देना।

इस्तकबाल (अ.) [सं-पु.] अगवानी; स्वागत।

इस्तगासा (अ.) [सं-पु.] फ़रियाद; न्याय की प्रार्थना; अभियोग; दावा; फ़ौजदारी का दावा।

इस्तमरार (अ.) [सं-पु.] 1. स्थायी होने का भाव; स्थायित्व 2. हमेशा रहने वाला अधिकार 3. वह निश्चित लगान जिसमें कमी-बेशी न हो सके।

इस्तमरारी (अ.) [वि.] 1. सदा एक-सा रहने वाला; स्थायी; (परमानेंट) 2. जिसमें कमी-बेशी न हो सके; जो स्थायी रूप से निश्चित हुआ हो; दवामी; जो कभी न बदले।

इस्तमरारी पट्टा (अ.) [सं-पु.] स्थायी पट्टे की ज़मीन; दवामी-पट्टा।

इस्तमरारी बंदोबस्त (अ.) [सं-पु.] 1. भूमि के लगान की एक व्यवस्था 2. कृषि की स्थायी व्यवस्था; दवामी-बंदोबस्त।

इस्तरी [सं-स्त्री.] 1. कपड़े की सिलवटें निकालने और तह बैठाने का एक उपकरण; (प्रेस) 2. कपड़े की तह जमाने या बैठाने की क्रिया या कार्य।

इस्तिकलाल (अ.) [सं-पु.] 1. दृढ़ता; मज़बूती 2. दृढ़ निश्चय।

इस्तिलाह (अ.) [सं-स्त्री.] 1. किसी शब्द का साधारण से भिन्न विशेष अर्थ में प्रयोग 2. किसी विशेष विषय से संबंधित पारिभाषिक शब्दावली।

इस्तिलाही (अ.) [वि.] 1. लाक्षणिक 2. पारिभाषिक।

इस्तिसनाय (अ.) [सं-पु.] अलग करना (कथन आदि में); शामिल न करना।

इस्तीफ़ा (अ.) [सं-पु.] त्यागपत्र; (रेज़िग्नेशन)।

इस्तेमाल (अ.) [सं-पु.] उपयोग; प्रयोग; किसी वस्तु को काम में लाने का भाव।

इस्तेमाली (अ.) [वि.] उपयोग या उपभोग में आने वाली।

इस्त्री [सं-स्त्री.] दे. इस्तरी।

इस्पात (पु.) [सं-पु.] 1. साधारण लोहे को साफ़ कर तैयार किया गया उत्तम लोहा 2. फ़ौलाद।

इस्पाती (पुर्त.+हिं.) [वि.] इस्पात का; इस्पात संबंधी; इस्पात का बना हुआ।

इस्म (अ.) [सं-पु.] 1. नाम 2. संज्ञा।

इस्मत (अ.) [सं-स्त्री.] स्त्री की इज़्ज़त-आबरू; सतीत्व; पातिव्रत्य।

इस्मतफ़रोश (अ.+फ़ा.) [वि.] इस्मत का सौदा करने वाली; वेश्या।

इस्माइली (अ.) [सं-पु.] शिया मुसलमानों की एक शाखा।

इस्मेशरीफ़ (अ.) [सं-पु.] शुभनाम।

इस्लाम (अ.) [सं-पु.] 1. मुसलमानों का धर्म; मुहम्मद साहब द्वारा चलाया गया धर्म 2. ईश्वर के आगे झुकना 3. ईश्वर के मार्ग में प्राण देने को प्रस्तुत होना।

इस्लामिक (अ.) [वि.] इस्लाम या मुसलमानों से संबंधित।

इस्लामी (अ.) [वि.] इस्लाम संबंधी; इस्लाम का।

इस्लाह (अ॰) [सं-स्त्री.] 1. साहित्य या दूसरे रचनात्मक कार्यों में किया जाने वाला सुधार-संशोधन 2. गाल या ठोढ़ी पर के बाल।

इह (सं.) [क्रि.वि.] इस जगह। [वि.] यह; इस।

इहलीला (सं.) [सं-स्त्री.] 1. इस संसार या लोक में बीतने वाला समय; जीवन 2. संसार में होने वाले सभी कार्य।

इहलोक (सं.) [सं-पु.] यह जगत; यह संसार; मृत्युलोक।

इहलौकिक (सं.) [वि.] 1. इस संसार या दुनिया का 2. इस संसार से संबंध रखने वाला।

इहाता (अ.) [सं-पु.] 1. चारदीवारी; प्राचीर 2. क्षेत्र; इलाका।


>>पीछे>> >>आगे>>