हिंदी का रचना संसार

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

 


 दिनेश कुमार शुक्ल/ नया अनहद

स्टीफ़न हॉकिंग*

खेल-खेल में प्यार और जिज्ञासा से
छू रहा होगा वह किसी खगोल पिण्ड को,
कोंचाकाँची से खीझ
भँभोडकर नोच ले गया होगा
खगोल-पिण्ड
उसका चलना-बोलना

सत्य के निर्वात में खिंचता
घिसटता चला गया होगा वह
सरकता ब्रम्हाण्ड की फिसलन पर
जहाँ
वाणी अनिर्वच, देह अवयवातीत
विचार कल्पनातीत और
चीजें हो जाती हैं वर्णनातीत

चढ़ कर काल की मीनार पर
देख लिया उसने एक साथ
त्रिकाल और त्रिलोक को
और झेल गया एक साथ
विचार-प्रवाह की विद्युत के
लाखों किलोवाट --
झूल कर रह गया क्षत-विक्षत
उसके स्नायुतन्त्र का संजाल,
तो भी चक्रव्यूह से
बचा कर उठा लाया वह
जीवट के कवच में
ज्ञान का निषद्ध फल
किसी अगम-लोक से

बैटरी-चालित छोटी सी कुर्सी पर
चलता भागता
यंत्र के सहारे कहता अपनी बात
मृत्यु को चुभो कर पेंसिल
बच कर भाग आया है वह
खिलन्दड़, अभी-अभी अध्ययन कक्ष में

गणित की वर्णमाला में
लिखता आदि-काव्य सृष्टि का
बीजाक्षरों की तूलिका से खींचता
चित्र प्राक्तत्वों के
उनमें भरता रंग अपने जीवन रस से

अंतरिक्ष के बीहड़ मैदानों में
बीनता फिरता है वह
आदि-विस्फोटों के भग्नावशेष,
अश्रव्य लुप्तप्राय क्षीण प्रतिघ्वनियों को
साधता हृदय के सितार पर
रचता वह
रचना की सिम्फनी का निनाद

धूमकेतु-सी मँडलाती मृत्यु को
नकारता उपेक्षा से
आश्वस्त है वह --
मृत्यु तो है काल के प्रवाह में
खेलती
एक ज़रा-सी भँवर

वह हिरावल है उनका
जो आएँगे जल्दी ही --
सृष्टि के प्यार में सराबोर
जो सुनेंगे
घास और पेड़ों की धड़कन
और खोज-खोज कर सुनेंगे
हवा में सोये हुए खोये हुए
भूले-बिसरे नारे और प्रयाण गीत

वे होंगे
समुद्र जितने जीवन्त
पृथ्वी जितने समर्पित
अग्नि जितने कुशाग्र
और जल की तरह करुणामय
 

स्टीफ़न हॉकिंग*
*इस शताब्दी के अग्रगण्य ब्रिटिश वौनक। सृष्टि सम्बन्धी शोध कार्य आइन्स्टीन और न्यूटन के समान युगान्तकारी। प्राणान्तक बीमारी से अपंग। मृत्यु से रोज लड़ते हुए स्टीफेन हॉकिंग ने सारी शारीरिक अक्षमताओं को परास्त कर मनुष्य के जीवट और जिजीविषा तथा अजेय मेधा का नया प्रतिमान प्रस्तुत किया है।

 

                                             <<एक रात की कथा<<                        सूची                 >>भाई कवि !>>

 

 

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

Copyright 2009 Mahatma Gandhi Antarrashtriya Hindi Vishwavidyalaya, Wardha. All Rights Reserved.