हिंदी का रचना संसार

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

 


 दिनेश कुमार शुक्ल/ समय चक्र

स्वर्ण मृग

मैं तो सोने का हिरन लूंगी - सोने का हिरन ।
मैं तो परियों के देस
बना जोगिन का भेस
गई मिलने पिया से
मेरे नयन पियासे
मेरी प्यासी चितवन
मैं तो सोने का हिरन लूंगी - सोने का हिरन ।

बड़ा चपल कुरंग
नाचे जैसे अरधंग
चले टेढ़ी-मेढ़ी चाल
फंसा किरनों के जाल
मैं हूँ चाँदी की किरन
मैं तो सोने का हिरन लूंगी - सोने का हिरन ...

वहाँ चाँदनी के देस
दुख ताप ना कलेस
बिना पिया की नवेली
हुई निपट अकेली
बान बिंधा मेरा मन
मैं तो सोने का हिरन लूंगी - सोने का हिरन ।

तू ही माया की मरीचिका
तू माया का मिरग
बाज सा तेरा वियोग
मैं हूँ कातर विहंग
मेरे हवाओं के पंख
मेरी बाँकी है उड़न
मैं तो सोने का हिरन लूंगी सोने का हिरन ।

दुख-सुख की कहानी
मेरी रही अनजानी
कैसे व्यक्त करे बानी
ऐसी तेज है रवानी
उड़ें बान सनासन
मैं तो सोने का हिरन लूंगी - सोने का हिरन ।

लूंगी हवा का प्रवाह
और सागर अथाह
और बादलों का खेल
लूंगी वज्र को भी झेल
लूंगी सिंह की दहाड़
और रत्न का पहाड़
लूंगी हरे-हरे वन
लूंगी सृष्टि की तपन
और लूंगी मैं वसंत
सारा कंपित दिगंत
और लूंगी तेरा मन
मैं तो सोने का हिरन लूंगी सोने का हिरन ।
 
 

                                              <<वापसी<<                     सूची               >>स्वर्ण मृग>>

 

 

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

Copyright 2009 Mahatma Gandhi Antarrashtriya Hindi Vishwavidyalaya, Wardha. All Rights Reserved.