हिंदी का रचना संसार

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

 

 
स्वामी सहजानन्द सरस्वती रचनावली

सम्पादक - राघव शरण शर्मा

खंड-1

भूमिका

मुख्य सूची खंड - 1 खंड-2 खंड - 3 खंड - 4 खंड - 5 खंड - 6

भूमिका
प्रारम्भिक जीवन
संन्यास
सामाजिक कार्य
राजनीति में प्रवेश
किसान सभा का जन्म
गांधी का किसान-संघर्ष बनाम सहजानन्द का किसान-संघर्ष
रचनात्मक काम का रहस्य
गांधीवाद से मोहभंग
जाति सभा गठन का रहस्य
गांधीवाद की कमियाँ
समाजवादी पार्टी की स्थापना

अखिल भारतीय किसान सभा का गठन
अखिल भारतीय किसान सभा
बिहार प्रान्तीय किसान सभा
नियामतपुर की बैठक
किसानसभा के कांग्रेस से मतभेद-
समाजवादी पार्टी से मतभेद के कारण-
कम्युनिस्ट पार्टी से किसान सभा के मतभेद के कारण-
कम्युनिस्ट पार्टी के विफल होने के कारण
फारवर्ड ब्लाक से मतभेद के कारण-
अगस्त क्रान्ति का रहस्य
भारत के विभाजन के गुनहगार

अगला पृष्ठ : ब्राह्मण समाज की स्थिति (उत्तरार्ध्द)

भूमिका

स्वामी सहजानन्द सरस्वती अपने युग-धर्म के अवतार थे। वे नि:संग थे। अपने समय के पदचाप के आकुल पहचान थे। किसान विस्फोट के प्रतीक थे। किसान आन्दोलन के पर्यायवाची थे। उत्कट राष्ट्रवादी थे। राष्ट्रवादी वामपंथ के अग्रणी सिद्धान्तकार, सूत्राकार एवं संघर्षकार थे। ये दुर्द्धर्ष व्यक्तित्व के धनी थे। सामाजिक न्याय के प्रथम उद्धोषक थे। संगठित किसान आन्दोलन के जनक एवं संचालक थे। अथक परिश्रमी थे। तेजस्वी व्यक्तित्व के स्वामी थे। वेदान्त और मीमांसा के महान पण्डित थे। मार्क्सवाद के ठेठ देसी संस्करण थे। ऐसे किसान क्रान्तिकारी थे जिनकी वाणी में आग होती थी एवं क्रिया में विद्रोह। आडम्बर विहीन थे। उत्पीड़न के खिलाफ दुर्वासा थे, परशुराम थे। स्वामीजी में खाँटी खरापन, खुरदुरापन, बेधड़कपन, बेलौसपन था। अजीब मस्ती के धनी थे। धुनी थे जो ठान लिये तो करके ही दम लेने वाले। लल्लो-चप्पो से जल-भुन जाने वाले थे। उनके पास दोस्त दुश्मन की एक ही पहचान थी-किसानों के प्रति उनका व्यवहार। किसानों के सवाल पर, आजादी के सवाल पर समझौता विहीन संघर्षरत योद्धा थे। ये दलितों के योद्धा संन्यासी थे। भारत के पूरे राजनीतिक क्षितिज पर यही एक अकेला, भिन्न, अलग, विशिष्ट, अलबेला व्यक्ति नजर आते हैं जिन्होंने पूरे जीवन में कभी भी अस्त् से समझौता नहीं किया। यही कारण था कि सुभाषचन्द्र बोस और योगेन्द्र शुक्ला ऐसे राष्ट्रवादी क्रान्तिकारी इनके चरण चूमते थे। बेनीपुरी, दिनकर, रेणु, अज्ञेय, प्रभाकर माचवे, राहुल सांकृत्यायन, नागार्जुन, मुल्कराज आनन्द, महाश्वेता देवी, उग्र, रामनरेश त्रिपाठी, मन्मथनाथ गुप्त, ए.आर. देसाई, सरदेसाई, राजनाथ पाण्डेय, शिवकुमार मिश्र, केशव प्रसाद शर्मा ऐसे साहित्यकार इनसे जुड़े रहे एवं अधिकांश ने इन्हें अपनी रचना के केन्द्र में रखा। मगर, स्वामी जी को जितना आदर सुभाषचन्द्र बोस, इन्दुलाल यागनिक, यदुनन्दन शर्मा, राहुल सांकृत्यायन ने दिया उतना उन लोगों ने किसी और को नहीं दिया।

विचारणीय बात है- आखिर क्या बात थी स्वामी जी में, जिसके कारण सुभाषचन्द्र बोस हृदय से यह समझते थे और कलम से अभिव्यक्त भी करते थे कि यदि कोई 1939-40 में देश में क्रान्ति करने की, पूरे देश में आन्दोलन करने की, पूरे देश को नेतृत्व प्रदान करने की क्षमता रखता है तो वह व्यक्ति है स्वामी सहजानन्द सरस्वती। इन्हीं के नेतृत्व में आजादी का दूसरा पर्व सफलतापूर्वक लड़ा जा सकता है। सुभाषचन्द्र बोस स्वामी जी को उग्र-वामपंथ का अग्रणी चिन्तक एवं क्रान्तिकारी धारा का पथप्रदर्शक समझते थे। (फारवर्ड ब्लाक पत्रिका, कलकत्ता, 20 अप्रैल का सम्पादकीय)। आइये, हम स्वामी जी के जीवन-काल-समसामयिक घटनाक्रम-समकालीन व्यक्तित्वगण सभी पर उड़ती सी पर सटीक नजर डालें तभी सुभाषचन्द्र बोस के हार्दिक उद्गार का रहस्य हमारी समझ में आ सकता है। सुभाषचन्द्र बोस ऐसे व्यक्ति न थे जो आसानी से किसी से प्रभावित हो जायें अथवा इतने अधिक उच्च भाव से श्रद्धावनत होकर किसी की अभ्यर्थना करें (1942 अगस्त का बर्लिन ब्रॉडकास्ट सहजानन्द को सम्बोधित)। वेदान्त और मार्क्स के बीच एवं ज्ञान और कर्म के बीच सेतु बनाने वाले स्वामी सहजानन्द का अध्ययन, मूल्यांकन विश्लेषण, व्याख्या सहज नहीं है। फिर भी पूरी परिस्थितियों पर समेकित नजर डालने से सत्य की झलक प्राप्त होने की सम्भावना जरूर बन सकती है। यह लेख इसी प्रयास की कड़ी है अप्रिय होने की हद तक दो टूक है। मगर सहजानन्द को इतिहास की मम्मी बनाकर अथवा चुप्पी के षडयन्त्र के व्याप्त आलम को तोड़ने के लिए इस पद्धति का सहारा लिया गया है और इस हेतु सन्दर्भ को समग्रता से टटोला गया है।

प्रारम्भिक जीवन

स्वामी सहजानन्द सरस्वती का जन्म महाशिवरात्रि के दिन सन् 1899 में हुआ था। वंश परम्परा से ये जुझौतिया ब्राह्मण थे। जुझौतिया शब्द यौधेय का अपभ्रंश है। यौधेय के गणराज्य सिकन्दर की चढ़ाई के समय पंजाब में थे। इन्होंने 325 ई.पू. में सिकन्दर के दाँत खट्टे किये थे। ऐसा भी खुदाई से विदित होता है कि यौधेय गण अस्त्र-शस्त्र संचालन में कुशल आयुधाजीवी ब्राह्मण थे। ब्राह्मणों के पेशागत परिवर्तन के उदाहरण वैदिक काल में परशुराम, द्रोण, कृप, अश्वत्थामा, वृत्रा, रावण एवं ऐतिहासिक काल में शुंग, शातवाहन, कण्व, वाकाटक, खारवेल, भारशीव का एक अंश, बंगाल के सेन, अंग्रेजी काल में काशी की रियासत, दरभंगा, बेतिया, हथुआ, मल्हेया, साम्बे, मंझवे, माँझा, बैजनाथपुर, अहियापुर, धारहरा, मनातू इत्यादि के जमींदार हैं। कालक्रम में जुझौतिया ब्राह्मण मध्य प्रदेश के जैजाक भुक्ति क्षेत्र बुन्देलखण्ड आये। ये कान्यकुब्ज ब्राह्मण (1865 की जनगणना) की एक शाखा हैं। मालवा के पठार में बसने के कारण इन्हें इलाहाबाद में मालवीय भी कहा जाता है। स्वामी के पूर्वज बुन्देलखण्ड से गाजीपुर के देवा गाँव आये एवं अपने समतुल्य ब्राह्मण की दूसरी उपजाति भूमिहार ब्राह्मणों (बाभन) से रक्त-सम्बन्ध द्वारा घुल-मिल गये। स्वामीजी का जन्म एक निम्न मध्यवर्गीय किसान परिवार में हुआ। उनका विशिष्ट मूल एवं विशिष्ट वर्गाधार उनके जीवन चरित्र को आँकने की कुंजी है। वे एकान्त प्रिय, सरलचित्ता, सत्यनिष्ठ, विचारक, जिज्ञासु, साधनारत, धुनी, नि:संग अनासक्त, कर्मशील, योद्धा क्रान्तिकामी, सक्रिय वेदान्त के मर्मज्ञ, मीमांसा के ज्ञाता, बहुपठित शास्त्राज्ञ, वर्ग-संघर्ष के पैरोकार, व्यावहारिक मार्क्सवाद के जानकार, राष्ट्रवादी-वेदान्ती मार्क्सवादी थे। ये सत् पर अडिग रहने वाले सन्त थे। कई भाषाओं के जानकार थे। इनकी असली पढ़ाई शास्त्रीय ढंग से, स्वाध्याय से और अपने खुद के जीवन-संघर्ष से जूझते हुए, सीखते हुए हुई थी। वे भारतीय अस्मिता, पुरुषार्थ के प्रतीक एवं दर्पण दोनों थे। यदि राजा राममोहन राय को उषाकाल का सूर्य, महर्षि दयानन्द को उगता हुआ सूर्य, विवेकानन्द को उदित सूर्य कहा जाये तो स्वामी सहजानन्द सरस्वती दोपहर के प्रचण्ड सूर्य थे। विवेकानन्द ने अद्वैत वेदान्त को नई ऊँचाई देकर भारत को बेटी बन्दी, रोटी बन्दी, जाति बन्दी, समुद्र बन्दी, हुक्काबन्दी से मुक्त कराने का प्रबल उपक्रम किया था और आदर्शवाद को खींचकर भौतिकवाद के कगार पर खड़ा किया था तथा ओज, शौर्य, पराक्रम, आत्मविश्वास की चाशनी में नियतिवादी वेदान्त को तर किया था। स्वामी सहजानन्द विकास के क्रम में विवेकानन्द की अगली कड़ी थे। स्वामी सहजानन्द ने वेदान्त को भौतिकवाद के बीचोंबीच स्थिर किया एवं वेदान्त को प्रवचन सभागार से निकालकर जनसंघर्षों में, नित्य के सामाजिक जीवन में जी कर एवं जिला कर नये ओज एवं तेवर से अश्रुतपूर्ण अगतनुगतिक रास्ते से स्थापित किया। वे सक्रिय वेदान्त एवं देशज मार्क्सवाद के प्रवक्ता एवं प्रयोगकर्ता दोनों साथ-साथ बने। इनके गीताधर्म के अन्तर्गत मार्क्स, इस्लाम, क्रिस्चन सबके लिए पर्याप्त जगह थी। इनकी गीता सार्वभौम, सार्वकालिक थी जिसमें जनहित-लोकसंग्रह के रास्ते कर्म, अकर्म, सुकर्म, विकर्म कुछ भी करते हुए पूर्णता पायी जा सकती थी। वेदान्त के अर्थ, धर्म, काम, मोक्ष में मार्क्स के अर्थ को पहला स्थान था, इसी कारण इन्होंने राजनीति को आर्थिक कसौटी पर कस कर कबूल किया, जबकि दूसरे लोग राजनीति के चश्मे से आर्थिक नीति को देखते थे। स्वामीजी की क्रान्ति का रास्ता उग्र अर्थवाद, वर्ग-संघर्ष, किसान हित के रास्ते से तय होता था।

संन्यास

गाजीपुर के जर्मन मिशन स्कूल में प्रारम्भिक शिक्षा के बाद स्वामी जी 1917 ई. में कुल अट्ठारह वर्ष की उम्र में ही संन्यासी हो गये। संन्यासी बनकर स्वामीजी ने ईश्वर और सच्चे योगी की खोज में हिमालय, विन्ध्यांचल, जंगल, पहाड़, गुफा की दर-दर खाक छानी पर कहीं भी न 'हरि ही मिले न विशाले सनम।' स्वामी जी योगी और ईश्वर की खोज को विराम देकर ज्ञान यज्ञ की ओर प्रवृत हुए। काशी और दरभंगा के उद्भट विद्वानों के संग वेदान्त, मीमांसा, न्याय शास्त्र का गहन अध्ययन किया। इस अध्ययन से वे इस निष्कर्ष पर पहुँचे कि हृदय, मस्तिष्क और हाथ तीनों के बीच उचित तालमेल अर्थात् श्रद्धा पर बुद्धि का, बुद्धि पर संवेदना का, विश्वास का, श्रद्धा का, पहरा जरूरी है तथा श्रद्धा और बुद्धि का शिल्प से जुड़ाव आवश्यक है। बुद्धिहीन श्रद्धा अन्ध-विश्वास में धकेल सकती है और श्रद्धाविहीन बुद्धि बेलगाम घोड़े ऐसा पटक कर हाथ-पैर तोड़ सकती है। तर्क शून्य, विवेक शून्य धर्म दैववाद में, परलोकवाद में भटका सकता है और भावनाहीन बुद्धि सहृदयता छीन सकता है, संवेदना छीन सकता है। अत: श्रद्धा, बुद्धि और श्रम तीनों मनुष्य को पूर्ण बनाने के लिए एक साथ जरूरी हैं।

सामाजिक कार्य

परिस्थितिवंश स्वामीजी 1915 ई. में सामाजिक कार्य में पड़ गये। इस अवधि में इन्होंने पुरोहितवाद, कथावाचन के ब्राह्मण जाति के एक उपजाति के एकाधिकार के खिलाफ खड़ा होना पड़ा। स्वामीजी किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ डट जाने का स्वभाव रखते थे। गिरे हुए को उठाना अपना प्रधान कर्त्तव्य मानते थे। स्वामीजी ने इस क्रम में ब्रह्मर्षि वंश विस्तार, झूठा भय, मिथ्या अभिमान, ब्राह्मण समाज की स्थिति इत्यादि पुस्तकें लिखीं। सुनील कुमार चाटरुज्या, पण्डित हजारप्रसाद द्विवेदी, कान्यकुब्ज सभा, सर्यूपारीण सभा इत्यादि व्यक्ति और संगठन ब्रह्मर्षि वंश विस्तार में उद्धाटित तथ्यों के आलोक में स्वामीजी से अपनी सहमति जतायी पर डुमराव के शाकद्वीपी-मागी ब्राह्मण रजनीकान्त शास्त्री एवं उनके समर्थकों ने विरोध नहीं छोड़ा और पूजा कराना बन्द कराने की धमकी दे दी। इस परिस्थिति में स्वामीजी ने खुद कथावाचन, संस्कृत अध्ययन की राय समाज को दी एवं पूजा-पाठ, शादी-ब्याह, सोलह संस्कार, नित्य कर्म, सन्ध्यावन्दन इत्यादि कर्मों हेतु अत्यन्त सरल, सुबोध, पुस्तक 'कर्मकलाप' लिखकर दे दी ताकि अपना काम खुद चला लें। 1935 ई. के आसपास बेला के पास शिलौजा गाँव में हुए शास्त्रार्थ में सभी पुरोहितवाद को अपनी जागीर समझने वाले जमात एवं उनके प्रमुख रजनीकान्त शास्त्री की हार हुई और खुद उनकी पुरोहिती एवं जीविका खतरे में पड़ गयी तब उन्होंने स्वामीजी का पैर पकड़ कर कहा-

''आप संन्यासी हैं। दयालु हैं। सब कुछ कीजिये पर पेट पर लात न मारें।''

इसके पहले स्वामीजी ने बलि के खसी के मुड़ी पुजाई में लेकर बेचने पर पंडितों की मांस की खरीद-बिक्री करने वाला कहकर ऐसी-तैसी कर दी थी और श्रोताओं में उनसे पुरोहिती न कराने का सन्देश गया। पुरोहित वर्ग ने पेट पर लात की आशंका में शीघ्र घुटने टेक दिये। इस तरह इस अध्याय का पटाक्षेप हो गया।

राजनीति में प्रवेश

1919 ई. में बाल गंगाधार तिलक की मृत्यु हो गयी। प्रखर राष्ट्रवादी की मृत्यु से उपजी संवेदना के कारण स्वामीजी खिंच कर राजनीति में आ गये। इन्होंने तिलक स्वराज्य फण्ड के लिए कोष इकट्ठा करने में शिरकत की। इसी दर्म्यान असहयोग आन्दोलन में जेल भी गये। जेल में त्यागी कहे जाने वाले कांग्रेसी नेताओं की विलासिता, भोगवादिता, उनके काले कारनामे प्रत्यक्ष देखने का मौका मिला एवं कांग्रेस के वैसे नेताओं के वर्ग से इनका विश्वास उठ गया। जेल से आने पर इनका सम्पर्क सर गणेशदत्ता से हुआ। सर गणेशदत्ता दानी और ऋषि तुल्य उदारचेता जमींदार राजनेता थे। स्वामीजी की लोकप्रियता के बल पर सर गणेशदत्ता बिहार में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के विरोध के बावजूद चुनाव में सफल रहे। ये अंग्रेजों के अधीन लोकल बोर्ड के मन्त्री भी बने। इन्होंने स्वामीजी को बिहटा के सीताराम आश्रम में टिकाया एवं अपने पैसे से आश्रम में अध्ययन, पूजा, भजन, ध्यान का समुचित प्रबन्ध किया। सर गणेश दत्ता जमींदार ब्राह्मणों का प्रतिनिधित्व करते थे। परिस्थितिवंश स्वामीजी खेतिहर ब्राह्मणों के बीच नायक की छवि रख रहे थे। भूमिहार ब्राह्मण महासभा में जमींदार एवं गरीब किसान ब्राह्मणों के हित टकराने लगे एवं स्वामी छोट बभना के पक्ष में दृढ़ता से खड़े हो गये। बड़े बभना लोग ही जाति सभा का खर्च जुटाते थे मगर वे अल्पमत में थे। इस परिस्थिति में यह महासभा टूट कर समाप्त हो गयी। इस छोटे बभना और बड़े बभना के संघर्ष के अन्दर किसान-जमींदार संघर्ष के बीज अन्तरवस्तु में छिपे थे जो बाद में चलकर पुष्पित-पल्लवित होकर प्रबल किसान संघर्ष में दृष्टिगत हुआ।

भारत में राजनीति का जन्म पूर्व में भी सामाजिक आन्दोलन की कोख से ही हुआ करता था। मराठा, जाट, कूका, सिक्ख, अनुशीलन समिति सभी विद्रोहों का जन्म सामाजिक चेतना के विकास के साथ ही सम्भव हुआ। हाल में गांधी, पटेल, अरविन्द, तिलक सभी सामाजिक आन्दोलन से ही केन्द्रीय राजनीति में आये थे। आज भी झारखण्ड मुक्ति आन्दोलन, टिकैत के नेतृत्व का किसान आन्दोलन सभी की कोख सामाजिक आन्दोलन ही है। यह कहाँ जा सकता है कि भारत में राजनीतिक संघर्ष की पूर्व पीठिका सामाजिक आन्दोलन ही है। स्वामीजी का राजनीतिक प्रादुर्भाव भी इसी क्रम से हुआ और यह रास्ता भविष्य के राजनीतिक आन्दोलनों की सफलता की एक पूर्व शर्त एवं पथ फाइण्डर है।

किसान सभा का जन्म

1927 ई. में स्वामीजी ने पश्चिमी किसान सभा की नींव रखी। स्वामीजी के मन से दु:खियों, शोषितों को छोड़ मुक्ति की कामना जाती रही। स्वामीजी ने 'मेरा जीवन संघर्ष' में लिखा है-

''मुनि लोग तो स्वामी बन के अपनी ही मुक्ति के लिए एकान्तवास करते हैं। लेकिन, मैं ऐसा हर्गिज नहीं कर सकता। सभी दु:खियों को छोड़ मुझे सिर्फ अपनी मुक्ति नहीं चाहिए। मैं तो इन्हीं के साथ रहूँगा और मरूँगा-जीऊँगा।''

सोनपुर मेले के अवसर पर 1929 ई. में बिहार प्रान्तीय किसान सभा की नींव रखी गयी। स्वामी सहजानन्द इसके अध्यक्ष एवं डाँ. श्रीकृष्ण सिंह इसके सचिव बनाये गये। इस कार्य में रामदयालु बाबू एवं यमुना कार्यी जी स्वामीजी के प्रमुख सहयोगी थे। इसके पूर्व चार किसान संघर्ष बड़े ही उल्लेखनीय हैं।

गांधी का किसान-संघर्ष बनाम सहजानन्द का किसान-संघर्ष

यह महात्मा गांधी द्वारा 1917 ई. में चलाया गया। महात्मा गांधी को चम्पारन खोन्दर राय जमींदार एवं राजकुमार शुक्ला सूदखोर बुलाकर लाये थे। गांधीजी का मुद्दा 20 वर्ग मील जमीन में नील की हो रही खेती में अंग्रेज निलहें द्वारा बढ़े हुए कर में मामूली राहत था, पर जनता की जरूरत निलहों को बसाने वाले दो हजार वर्ग मील जमीन पर राज करने वाले बेतिया राज के खिलाफ उसके शोषण के विरुद्ध संघर्ष की थी। गांधीजी जमींदार वर्ग के खिलाफ लड़ने को कतई तैयार नहीं थे और अंग्रेजों से भी ससम्मान सहयोग के इच्छुक थे, अत: संघर्ष की सीमा थी। इस परिस्थिति में अंग्रेजों से गांधीजी का 'ससम्मान समझौता' शीघ्र सम्पन्न हो गया। नकली नील के कारखाना में बनने से यह मुद्दा स्वत: समाप्त हो गया। हलचल खड़ा कर गांधीजी रंगमंच से विदा हो गये पर जनता साम्राज्यवाद के साथ-साथ सामन्तवाद के विरुद्ध जोर आजमाने को मचलने लगी। दूसरा संघर्ष रांची में जतरा उराँव के नेतृत्व में ताना भगतों का 1914 ई. में हुआ। इस वैष्णववादी सामाजिक आन्दोलन से गांधीजी काफी सीखे और बाद के समय में उनका यह शराबबन्दी, अहिंसक आन्दोलन गांधीजी का रहबर बना। तीसरा आन्दोलन चम्पारन के खेड़ा जिला एवं बारडोली जिला में क्रमश: 1922 ई. एवं 1928 ई. में हुआ। गांधी पटेल जमींदारों द्वारा शुरू किया गया पर यहाँ भी आन्दोलन पटेल जमींदारों के हाथ से फिसलकर रानी परजा, दुबला, हाली इत्यादि गरीब जातियों के हाथ में जाने लगा तब यहाँ भी ससम्मानजनक समझौता कर किसानों को बेहाल ही छोड़ दिया गया। पटेल पट्टीदार की कुछ माँगें मंजूर की गयीं। इस आन्दोलन में गांधीजी का दृष्टिकोण इस तरह प्रकट हुआ।

''कांग्रेस इकाईयाँ रैयत को यह जानकारी दें कि जमींदार का लगान रोकना कांग्रेस के प्रस्तावों के विरुद्ध है तथा यह राष्ट्र के हितों के लिए अत्यधिक हानिप्रद है।'' (सुनील सेन-भारत का कृषि आन्दोलन, पृष्ठ 38)

गांधीजी ने इन अनुभवों से यह निष्कर्ष निकाला कि किसानों को एक हद से अधिक आन्दोलनरत रखना कांग्रेस एवं इसके संचालक जमींदार वर्ग-बाबू वर्ग के हित के प्रतिकूल है और बारडोली के बाद आजीवन गांधी, पटेल, बाबू राजेन्द्र प्रसाद ने कभी भी भूलकर भी किसान आन्दोलन का नाम न लिया और न यह सुनना उन्हें अच्छा लगा। इसी कारण से चौरी-चौरा में हिंसा का बहाना लेकर गांधीजी अपना असहयोग आन्दोलन ठप्प कर रचनात्मक काम के नाम पर आश्रम में आराम फरमा रहे थे। आन्दोलन के लम्बा खिंचने पर मुमकिन था कि जनवर्ग से ही नेतृत्व पैदा हो जाता। यह खतरा भारत का बाबू वर्ग नहीं उठा सकता था। नतीजा असहयोग की समाप्ति की घोषणा में हुआ। असहयोग और सत्याग्रह प्रखर राष्ट्रवादी तिलक के हथियार थे जो अब मुलायम, गांधी द्वारा सीमित तौर पर प्रयुक्त किया जा रहा था। धर्म के माध्यम से, सामाजिक कार्य के माध्यम से, पत्राकारिता के माध्यम से राजनीति गरमाने का गुर पूर्व में तिलक आजमा चुके थे। समाजवाद की अवधारणा आने के पूर्व कांग्रेस का संचालन 1935 ई. तक तिलक के 'राष्ट्रवाद' की अवधारणा के तहत जारी था। गांधीवाद तिलक के विपरीत संविधानवादी गोखले, मोतीलाल नेहरू की विचारधारा से उद्भूत हुआ था जिसके हथियार केवल तिलक से लिए गये थे। गांधी ने बोअर युद्ध में अफ्रीका में एवं प्रथम विश्वयुद्ध में अंग्रेजों का साथ देकर अंग्रेजों से इनाम में क्रॉस खिल्लत, शाबाशी प्राप्त की थी। गांधीजी ने ''भारत ग्राम सभाओं का देश है'' अवधारणा हैनरी मन से प्राप्त की थी। गांधीजी ने तिलक के सक्रिय सत्याग्रह की जगह 'अक्रिय सत्याग्रह' की अवधारणा टालस्टाय के साहित्य से अपने यूरोप प्रवास में प्राप्त की थी। 'सर्वोदय' का सिद्धान्त रस्किन से लिया गया था। अहिंसा का मत ईसाई ग्रन्थ बाइबिल से लिया। यह समझ बौध्दों की अहिंसा से भिन्न है। बौध्दों की अहिंसा में भाईचारा, करुणा और सामाजिक न्याय की गूँज है। ईसाइयों की अहिंसा लक्ष्य के लिए हथियार है। गांधी ने भी वैचारिक हिंसा से कभी परहेज नहीं किया मामला चाहे कस्तूरबा के उत्पीड़न का हो, नेहरू की नामजदगी का हो, सहजानन्द-सुभाष के निष्कासन का हो, मोहानी के सर फोड़ने का हो (कानपुर अधिवेशन), पाकिस्तान से 1947 में युद्ध का हो, 1947 में बँटवारे से सम्बन्धित हिंसा का हो, गांधीजी अहिंसा से कभी चिपके नहीं रहे। अन्दर एक डिक्टेटर का निवास था जो सत्ता की जिम्मेवारी दूसरे पर डालता था पर सूत्रा-संचालन कभी भी फिसलने नहीं देता था।

स्वराज्य पार्टी वाले हाउस में जाकर कुछ नहीं कर पाये। कांग्रेस वाले चौरी-चौरा के बाद किर्ंकर्त्तव्यविमूढ़ थे। क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी आतंकी कार्रवाइयों से मोहभंग में थे। बिस्मिल की आत्मकथा, भगत सिंह के दस्तावेज इस बात के लिए प्रमाण हैं कि वे हलचल के स्तर को किसान-मजदूर आन्दोलन की ऊँचाई पर ले जाने की तमन्ना लेकर ही फाँसी पर झूल गये। भगत सिंह का अन्त निष्कर्ष स्वामी सहजानन्द का प्रस्थान बिन्दु का प्रारम्भिक चरण साबित हुआ। बिहार का किसान दानाबन्दी, भावली, बेगारी, डोला, बकाश्त बेदखली, ऋणग्रस्तता, मन्दी के असर से सस्ती से बेहाल था। इस भौतिक परिस्थिति में जहाँ चारों ओर तमस पसरा हुआ था, स्वामी सहजानन्द का किसान आन्दोलन राष्ट्रीय आन्दोलन में नया खून, नया आवेग देकर नयी आशा का संचार करने वाला साबित हुआ। अब, कांग्रेस की पहचान किसान आन्दोलनों से ही होने लगी और राष्ट्रीय राजनीति के केन्द्र में आने के लिए माध्यम बनाकर विदेश पढ़े बाबू वर्ग ने भी दिलचस्पी लेना शुरू किया। इस क्रम में नेहरू, जयप्रकाश, लोहिया, एन.जी. रंगा सभी सहजानन्द जी के सम्पर्क में आने लगे। स्वामीजी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है-

''जिसका हक छीना जाये या छिन गया हो उसे तैयार करके उसका हक उसे वापस दिलाना, यही तो मेरे विचार से आजादी की लड़ाई तथा असली समाज सेवा का रहस्य है।''

सहजानन्द का सामन्त-विरोधी संघर्ष ही आजादी की असली लड़ाई अन्तत: साबित ठहरी।

रचनात्मक काम का रहस्य

डॉ. राजेन्द्र प्रसाद डालमिया के बिहटा चीनी मील के डायरेक्टर थे। मील की स्थापना के पूर्व उन्होंने वचन दिया था कि अंग्रेजों की तुलना में मेरी देशी मील ज्यादा ऊख का दाम किसानों को देगा पर मील खुल जाने पर हुआ उल्टा। वे आधे दाम देकर ही किसानों को ठगने पर तुल गये। स्वामीजी ने मजदूर नेता अनिल मित्रा को बिहटा किसान फ्रण्ट पर रख किसान नेता श्यामनन्दन सिंह को मजदूर फ्रण्ट पर लगाकर एक साथ संश्रय से किसान-मजदूर सफल हड़ताल करवाकर डालमिया और राजेन्द्र प्रसाद की हेंकड़ी गुम कर दी। डालमिया स्वामीजी के पास बड़ा विद्यापीठ बनाने का खर्च उठाने का लालच भरा प्रस्ताव लेकर खुद आया। स्वामीजी ने डण्डा लेकर उसे खदेड़ा। स्वामीजी समझ में अब रचनात्मक काम का रहस्य समझ में आ गया। सेठ किसानों के शोषण से जो एक बाल्टी खून पीता है, उसमें से एक गिलास वापस नेताओं को चन्दा, आश्रम, खादी संघ, चरखा संघ, इत्यादि हेतु लौटा देता है। इसी पैसे से पुरुषोत्तम दास सेठ अपना काम वल्लभ भाई पटेल द्वारा घनश्याम दास सेठ अपना काम गांधी द्वारा टाटा सेठ अपना काम नेहरू द्वारा निकाल लेते थे। गांधी के प्रभाव से अंग्रेजों से ठेका पाकर भारी मुनाफा का एक हिस्सा सेठ अपने चहेते नेताओं को देते थे। जिससे नेता अपनी राजनीति करते थे एवं मीडिया में शोहरत पाते थे। स्वामीजी ने एक ओर ऐसे ही प्रसंग में कहा-''मैं ऐसे पैसे पर पेशाब करता हूँ।'' (मेरा जीवन संघर्ष)

गांधीवाद से मोहभंग

1934 के भूकम्प में उत्तर बिहार के लोगों की भारी तबाही हुई। दरभंगा जिला के आसपास इलाके में महाराजधिराज कामेश्वर नारायण सिंह द्विज राज का शासन था। उनके प्रधानमन्त्री गिरीन्द्र मोहन मिश्र कांग्रेस के थैलीशाह एवं महत्त्वपूर्ण व्यक्ति थे। दरभंगा राज के अमले उस भारी विपत्ति में भी किसानों की नोच-खसोट जारी रखे हुए थे। स्वामीजी ने गांधीजी से यह छीना-झपटी, उत्पीड़न बन्द करने को कहा। गांधीजी का जमींदार के पक्ष का उत्तर सुनकर स्वामीजी अवाक् रह गये और उनका झटके से मोहभंग हो गया। गांधी की विचारधारा से, गांधी के तौर-तरीके से स्वामीजी को नफरत हो गयी। समस्या के निदान के लिए गांधीवाद को स्वामीजी ने न केवल काफी समझा बल्कि प्रतिलोम में पाया। स्वामीजी इस तरह गांधीवाद की लक्ष्मण रेखा के पार चले गये।

जाति सभा गठन का रहस्य

इसी अवधि में कलकत्ता की एक जातीय पत्रिका 'भूमिहार ब्राह्मण' के सम्पादक ने स्वामीजी से एक लेख माँगा। स्वामीजी का लम्बा लेख किश्तों में पत्रिका में छपा। लेख की विषय-वस्तु पढ़कर सम्पादक जी आठ-आठ आँसू रोये, पर उन्होंने हार कर लेख को छापा। यह लेख बाद में 'किसानों के फँसाने की तैयारियाँ' नाम से अलग पुस्तिका के रूप में छापा गया। प्रथम बार यह 1935 ई. में ही पत्रिका में छापा गया। लेख में स्वामीजी ने लिखा था। उसका आशय यह है-जमींदार जातीय सभा बनाकर किसान की चेतना को तोड़ते हैं, उन्हें विभक्त करते हैं, उन्हें फँसाते हैं, जातीय सभा के संचालक की भक्ति ब्रिटिश ताज और झण्डे के प्रति होती है। जनता को चाहिये कि इनसे वे सावधान रहें। साम्राज्यवाद को टिकाने वाली चीज भारत में जमींदारी है। यही पाया है कि जिस पर ब्रितानी सरकार टिकी है। यही जमींदार जातीय सभाओं के संरक्षक हैं।

स्वामीजी कांग्रेसियों की चरित्रहीनता, कर्त्तव्यहीनता, अंग्रेजों से उनकी मिली-भगत अपने जेल प्रवास में पूर्व में देख चुके थे।

गांधीवाद की कमियाँ

गांधीवाद के अन्तर्गत लूट और हिंसा से प्राप्त दौलत के क्षेत्र में कानून के प्रवेश की गुंजाइश नहीं थी। गांधी की अहिंसा नीति से जमींदार-मालदार बाबू वर्ग की सदियों से लूटी दौलत की सुरक्षा निश्चित हो जाती थी। ब्रितानी साम्राज्य भी गांधी की अहिंसा से ला एवं आर्डर की समस्या से मुक्ति पाकर चैन की नींद सोता था। गांधी के प्रति अंग्रेजों की हमदर्दी का राज यही है। गांधी को जेल देकर अंग्रेज गांधी का रुतबा जनता में कायम रखते थे ताकि जनता भ्रम में पड़ी रहे। जेल भी आगा खाँ ऐसे अरबपति की महल में पत्नी कस्तूरबा, सचिव महादेव देसाई, नौकर-चाकर, अमला बराहिल के साथ होता था जिससे निजी सहूलियत बाधित न हो। ट्रस्टीशिप के सिद्धान्त से सेठ की मनमर्जी बनी रहती थी। त्याग के नाम पर मनपसन्द प्रायोजित नेता को चन्दा देकर उससे लाभ कमाकर 'अपरिग्रह' पर्व का पालन हो जाता था। धर्म के माध्यम से राजनीति करने से साम्प्रदायिक उन्माद अग्रगति प्राप्त करता था। औपनिवेशिक स्वराज्य की माँग भारत के स्वावलम्बन एवं पूँजी के स्वतन्त्रा विकास की गति को अवरुद्ध करती थी। सामन्ती उत्पादन प्रणाली की बेकरारी एवं विज्ञान के निषेध से बंगाल की भंयकर भुखमरी से निपटने का कोई उपाय नहीं था। गांधी की जमींदारपरस्ती और अहिंसा की नीति से बंगाल के अकाल के समय अनाज रहते वितरण न होने से चालीस लाख व्यक्ति भूख से मर गये। पूँजी के विकास की संरचना खड़ा करने की कोई बात गांधीवाद में न थी। गांधी ने छुआछूत से इन्कार किया पर छुआछूत के पैदा करने वाले डायनेमो वर्णाश्रम को कबूल किया। गांधी के मन्दिर प्रवेश आन्दोलन ने पुरोहित वर्ग के धर्म साम्राज्य को विस्तारित ही किया। नारी को परम्परागत गृहिणी बनने का उपदेश देकर गांधीवाद ने लिंगभेद को कायम रखा। भारत में वर्ग की जगह जाति राजनीति की नींव गांधीवाद ने डाली। यह भस्मासुर आज पूरे फार्म में है। गांधी ने गाँव बनाम शहर मुद्दा बनाकर गाँव के कुलक सामन्त तबके को संरक्षण दिया। गांधीवाद अर्थव्यवस्था को पिछड़ेपन की ओर वापस धकेलती थी। विज्ञान के अभाव में आज सोवियत संघ बिखर गया, कल्पना की जा सकती है भारत ने गांधीवाद अपनाया होता तो सौ करोड़ की आबादी की क्या गत बनी होती? लठ, कुड़ी से क्या पंजाब में हरित क्रान्ति आती? और यदि भखड़ा, नांगल, बाँधा न होता, हरित क्रान्ति न होती तो 1947 की तुलना में आज तिगुनी हुई आबादी भूख से तड़पड़ा कर मर जाती। गांधी की संविधान सभा में जनता द्वारा चुना गया कोई व्यक्ति न था। बँटवारे का प्रस्ताव महासमिति में गांधी के हस्तक्षेप एवं भाषण से ही किसी तरह पास हो सका। गांधी ने महासमिति में बँटवारे का खुलकर समर्थन किया। संविधान सभा का अध्यक्ष 'लार्ड' था एवं ड्राफ्ट कमेटी में 'सर' लोग भरे थे। यह था गांधी का गाँव प्रेम जिसमें गाँव की आम जनता को वोट का अधिकार ही नहीं था संविधान बनाने में। गांधीवाद में रोजगार गारण्टी गायब है पर बेइन्तहा मुनाफा पर जरा भी रोक नहीं है। गांधी पैदा हुए दौलत पर दौलतमन्दों के साथ थे, नयी दौलत पैदा करने की पुरानी प्रविधि से दौलत उत्पादन को ही खर्चीला, अपर्याप्त उत्पादन द्वारा बाधित कर रहे थे।

स्वाभाविक था कि तिलकवाद 1935 तक कांग्रेस की चालक विचारधारा बनी रही इसके बाद समाजवाद ने चालक विचारधारा का स्थान ले लिया।

समाजवादी पार्टी की स्थापना

स्वामी सहजानन्द सरस्वती गांधीवाद को अपर्याप्त, नाकाफी और नाकारा समझकर चुप नहीं रह गये। उन्होंने सवाल किया-'स्वराज्य' का असली मतलब क्या है? किसका स्वराज्य? जमींदार का या किसान का? पूँजीपति का या मजदूर का? बाघ का या हिरण का? बिल्ली का या चूहे का? एक का स्वराज्य दूसरे का यमराज हो जायेगा। जब समाज विविध वर्गों में बँटा हुआ है एवं उनके हित समरूप नहीं हैं तब एक को मिली आजादी दूसरे के लिए शामत की घण्टी साबित होगी। सुभाषचन्द्र बोस ने सवाल को दूसरी तरह से किया। पूर्ण आजादी या डोमिनियन आजादी। गांधी डोमिनियन आजादी यानी आधी आजादी की माँग कर ही सन्तोष कर लेते थे। नेहरू 1929-30 के लाहौर अधिवेशन में पूर्ण आजादी की माँग के समर्थन में आये पर 1930-31 के कराची अधिवेशन में गांधी पटेल गुट के दबाव में फिर औपनिवेशिक स्वराज्य की माँग में सिमट गये। स्वामी सहजानन्द का सवाल था-किसकी आजादी? सुभाष का सवाल था-कैसी आजादी? सुभाष-सहजानन्द की जोड़ी मिलकर सामन्त-साम्राज्य विरोधी मोर्चा अपने उग्र तेवर के साथ मुकम्मल हो जाता था। यह वैकल्पिक राष्ट्रवाद की धारा थी। यह सवाल्टर्न धारा नहीं थी। यहाँ राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य काम कर रहा था। भारत के आजादी के संघर्ष में गांधी और गांधीवाद के समझौता-मूलक लाईन ने, जमींदारपरस्त नीति ने, पूँजीपति पर निर्भर राजनीतिक कार्रवाई ने जनता को गांधीवाद से विमुख कर 'समाजवाद' का मार्ग प्रशस्त कर दिया।

समाजवादी पार्टी की स्थापना बिहार में स्वामी सहजानन्द सरस्वती के सहयोगी राहुल सांकृत्यायन, रामवृक्ष बेनीपुरी एवं क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी बसावन सिंह द्वारा 1931 में ही हो गयी थी। अंजुमन इस्लामिया हाल पटना में 1934 में सम्मेलन किया गया। विदेश से पढ़कर आये जयप्रकाश नारायण इसमें शरीक हुए। इस पार्टी ने भगत सिंह की हत्या से खिन्न युवकों को अपनी तरफ आकर्षित किया। इसमें जयप्रकाश, नरेन्द्र देव, अशोक मेहता शरीक हुए। आचार्य नरेन्द्र देव पर राष्ट्रवाद, मार्क्सवाद और खुशहाल किसान वर्ग का प्रभाव था। सम्पूर्णनन्द और अच्युत पटवर्धन पर वेदान्ती समाजवाद का प्रभाव था जो सदैव इन लोगों द्वारा अस्पष्ट अपरिभाषित ही रखा गया। लोहिया पर हिटलर और गांधी का प्रभाव था। इस पार्टी में नेहरू-सुभाष शरीक नहीं हुए। स्वामी सहजानन्द के सहयोगी कार्यानन्द शर्मा, किशोरी प्रसन्न सिंह, गंगा शरण सिंह, पण्डित रामनन्दन मिश्रा, बसावन सिंह इत्यादि इसमें शरीक हुए पर स्वामीजी इसमें शरीक नहीं हुए। वर्ग-संघर्ष के मामले पर स्वामीजी इन्हें साथ रखने के पक्षधर थे। 1938 के कोमिल्ला अधिवेशन के बाद से स्वामीजी का इनसे मतभेद प्रारम्भ हो गया जो 1941 के डुमराँव अधिवेशन में फरवरी में अलगाव में अन्त हुआ।

स्वामीजी के पास अतीत के अनुभव, वर्तमान का संकल्प और भविष्य की आशा थी। इसी पूँजी पर स्वामीजी ने समय के द्वार पर थपथपी दी। स्वामीजी को कछुआ चाल पसन्द नहीं थी। वे तीव्रता, ऊर्जस्विता, तेजस्विता, आकुलता के मूर्तिमान रूप थे जो किसी भी अन्याय का मुँहतोड़ जवाब दिये बिना चैन से बैठने वाला न था। उनकी प्रतिबद्धता पक्की थी, आक्रामकता टक्करदार थी। जब गांधी अपने ट्रस्टीशिप द्वारा क्रान्ति को गूँगा और अहिंसा द्वारा बहरा करने का काम जारी रखते थे तब स्वामीजी क्रान्ति को वर्ग-संघर्ष की वाणी देकर और पूर्ण आजादी का श्रवण देकर चलायमान, दोलायमान कर प्रकम्पित, जलजला बना देते थे।

अखिल भारतीय किसान सभा का गठन

17 नवम्बर 1929 को गठित बिहार प्रान्तीय किसान सभा का रूप विस्तारित होकर 11 अप्रैल 1936 में अखिल भारतीय किसान सभा के रूप में पुनर्गठित हुआ। इसके गठन में पण्डित यदुनन्दन शर्मा, कार्यानन्द शर्मा, मोहन लाल गौतम, पुरुषोत्तम दास टण्डन, इन्दुलाल यागनिक, कमलादेवी चट्टोपाध्याय, जयप्रकाश, करम सिंह मान, निहारेन्द्र दत्ता मजूमदार, कमल सरकार, सुधीन प्रामाणिक, आचार्य नरेन्द्र देव, एन.जी. रंगा का हाथ रहा। बिहटा का सीताराम आश्रम, नियामतपुर (गया) का यदुनन्दन शर्मा का आश्रम इस संघर्ष का केन्द्र बना। दिल्ली से प्रकाशित अंग्रेजी बुलेटिन 'किसान बुलेटिन' के सम्पादक इन्दुलाल यागनिक हुए। इस सभा ने अपने लाल झण्डे के बैनर तले शानदार लड़ाईयाँ लड़ीं जिसमें टेकारी, मंझियावाँ, भोरी, रेवड़ा, बड़हिया टाल, अमवारी, पण्डौल, देकुसी, इत्यादि प्रसिद्ध हैं। स्वामी सहजानन्द और इन्दुलाल यागनिक ने गुजरात में गरीब किसान जातियाँ रानी परजा-दुबला-हाली इत्यादि को संगठित कर पटेल की चुनौती को सर कर एक लाख किसान वालंटियर का जुलूस परेड कर निकाल हरिपुरा कांग्रेस के समय पटेल की साख धूल में मिला दी। पटेल ने विषय समिति में स्वामी को 'डर्टी स्वामी' कहा जिस पर तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष की डाँट उन्हें खानी पड़ी। अन्यत्र स्वामीजी को टेरिबुल (भयंकर) स्वामी कहकर सम्बोधित किया। किसान सभा को नेहरू का नैतिक समर्थन प्राप्त था पर जब नियामतपुर की बैठक में किसान सभा का झण्डा लाल तय हुआ तब नेहरू किनारा कर गये। समाजवाद के नायक बनकर नेहरू 1936-37 में कांग्रेस अध्यक्ष बने थे पर गांधी की भावना का एवं अपने राजनीतिक कैरियर का ध्यान नेहरू को हमेशा रहा जो गांधी की सदस्यता पर ही टिकी हुई थी। नेहरू ने किसान सभा का इस्तेमाल पटेल ग्रुप को दबाने में किया पर गांधी से टकराने का आत्मविश्वास नेहरू में नहीं था। पटेल को दबाने में जयप्रकाश नेहरू के हथियार खुशी-खुशी बन जाते थे। स्वामीजी ने जयप्रकाश नारायण को यदुनन्दन शर्मा के आश्रम में रखकर वर्ग-संघर्ष की व्यावहारिक शिक्षा दी। जयप्रकाश नारायण को गया जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनवाया और अखिल भारतीय कांग्रेस का महासचिव बनाकर गया से ही भेजा। जयप्रकाश पर मार्क्सवादी का ठप्पा उस समय था एवं छपरा जिला से राजनीति राजेन्द्र प्रसाद की चलती में चलाना जयप्रकाश के लिए दुष्कर था। जयप्रकाश ने इस समय पुस्तक लिखी थी-'समाजवाद क्यों?' इसमें गांधी और गांधीवाद को चुन-चुनकर गालियाँ दी गयी हैं पर 1939 के त्रिपुरी अधिवेशन के बाद जयप्रकाश नारायण ने कायाकल्प कर गांधी का खेमा पकड़ लिया। जयप्रकाश नारायण 1936 ई. में विहपुर प्रान्तीय किसान सभा के अध्यक्ष चुने गये थे। यह चौथा सम्मेलन था। 1939 ई. में नवादा जिला के रेवड़ा गाँव में साम्बे स्टेट के जमींदार रामेश्वर बाबू के खिलाफ चलाये गये सफल किसान संघर्ष में पण्डित यदुनन्दन शर्मा के मातहत सबसे बड़े नेता जयप्रकाश ही थे जिसमें बसावन सिंह भी शिरकत किये थे। 1938 ई. में मसौढ़ी, बिहार शरीफ बड़हिया की किसान सभा में स्वामीजी के साथ लोहिया भी घूमते थे पर आश्चर्य की बात यह है कि किसी भी जीवनीकार ने इन सारे प्रसंगों की चर्चा तक नहीं की है। समाजवादियों की किसान सभा संगठित करने में बड़ी अच्छी भूमिका रही है, पर इन लोगों ने अपने वर्ग-संघर्ष में शरीकदारी के अतीत को इतिहास से हटा दिया है। जयप्रकाश नारायण बाद में बिरला के नियमित पेरोल पर एवं गोयनका के अनियमित पेरोल पर आ गये और लोहिया के थैलीशाह जमना लाल बजाज तथा चार मिनार सिगरेट के मालिक बद्री विशाल पित्ती थे। लोहिया ने अपने 'विभाजन के गुनहगार' पुस्तक में जयप्रकाश को नेहरू का एजेंट कहा, नागार्जुन ने सागर के भाषण में जयप्रकाश को नेपाल के राणा से कोइराला के संघर्ष को शिथिल करने के लिए पैसा लेने का आरोप लगाया है। विभाजन के गुनहगार में बँटवारा के प्रस्ताव को पास कराने में सहयोग के लिए अपने बड़े भाई जयप्रकाश को दोषी करार दिया है एवं अपने को जयप्रकाश का छोटा भाई कहकर अनुयायी कहकर अपना कलंक धो लिया। नागार्जुन सागर के भाषण में राणा से स्वयं पैसा लेने की बात, उद्देश्य की जानकारी न रहने के कारण कबूल की है। अन्य जमनालाल बजाज द्वारा पैसा ऑफर की चर्चा है। बेनीपुरी ने जयप्रकाश को अपने विरोधी दानी सर गणेशदत्ता के घर जाकर पैसा प्राप्त करने की चर्चा की है (मुझे याद है)। अन्य बातें रामनाथ गोयनका की पुस्तक जयप्रकाश और बिरला की लिखी किताब में ब्यौरेवार हैं।

सवाल उठता है सेठ आखिर समाजवादियों को पैसा क्यों देते थे? भारत का पूँजीवाद नवोदित एवं कमजोर था। दौलत सामन्तों के हाथ थी। सामन्त स्वेच्छाचारी थे। उनके प्रभाव में रहते पूँजी का विकास सम्भव न था। इस हेतु उन्हें हटाना जरूरी था। दूसरे, जब जमींदारी-रजवाड़ी उन्मूलित हो जाती तभी सामन्त अपनी जीविका के नये स्त्रोत हेतु अपनी दौलत बाजार में शेयर या ऋण के रूप में उतारते। सामन्तों को कमजोर करने में सेठ अकेले सक्षम नहीं थे। इस कार्य में उन्होंने समाजवादियों की मदद ली। रंगा आँक्सफोर्ड से पढ़कर आये थे, जयप्रकाश अमेरिका से पढ़े थे, लोहिया जर्मनी से पढ़े थे। ये गाँव में वर्ग-संघर्ष की आँच ज्यादा सह नहीं सकते थे। इन्हें मीडिया में शोहरत की जरूरत थी। सेठों ने इन्हें पैसा, शोहरत दोनों दिया और दिलाया। इनका समाजवाद रोमांसवादी और एडवेंचरिस्ट था। वर्ग-संघर्ष के

प्रति ये पूरे प्रतिबद्ध न थे। सम्पूर्णानन्द, अशोक मेहता कांग्रेस में आजादी के बाद चले गये। अच्युत पटवर्द्धन संन्यासी ऐसा वीतराग हो गये। आचार्य नरेन्द्र देव विश्वविद्यालय के कुलपति बन गये। जयप्रकाश सर्वोदय में चले गये। पार्टी अन्तत: बिखर गयी।

अखिल भारतीय किसान सभा

अधिवेशन प्रान्त स्थान अध्यक्ष महासचिव ईस्वी

प्रथम यू.पी. लखनऊ स्वामी सहजानन्द एन.जी. रंगा 11-4-1936

द्वितीय महाराष्ट्र फैजपुर एन.जी. रंगा स्वामी सहजानन्द 26-12-1936

तृतीय पूर्वी बंगाल कोमिल्ला स्वामी सहजानन्द एन.जी. रंगा 14-15 मई, 1938

चतुर्थ बिहार गया आचार्य नरेन्द्र देव स्वामी सहजानन्द 9-10 अप्रैल, 1940

पंचम महाराष्ट्र पलासा सोहन सिंह भखना स्वामी सहजानन्द मार्च, 1940

षष्ठ बिहार बिहटा इन्दुलाल यागनिक स्वामी सहजानन्द 29-31 मई, 1942

सप्तम पंजाब भखना बंकिम मुखर्जी स्वामी सहजानन्द 2-4 अप्रैल, 1943

अष्टम आन्धा्र बैजवाड़ा स्वामी सहजानन्द बंकिम मुखर्जी 14-15 मार्च, 1944

नवम पूर्वी बंगाल नेत्राकोना - - -

नोट-पंचम अधिवेशन के मनोनीत राष्ट्रपति राहुल सांकृत्यायन थे। पर उस समय वे जेल में थे। अत: भाषण राहुल का पढ़ा गया एवं अध्यक्षता अनुपस्थिति में गदर पार्टी के क्रान्तिकारी बाबा सोहन सिंह भखना ने की। नवम अधिवेशन में नेत्राकोना (मैमन सिंह) स्वामी सहजानन्द कम्युनिस्ट पार्टी से अलगाव के कारण शरीक न हुए। षष्ठ अधिवेशन में बिहटा से फारवर्ड ब्लाक किसान सभा से मतभेद के कारण निकल गये। इसके पूर्व 1941 ईस्वी में आठवाँ प्रान्तीय अधिवेशन से कांग्रेस समाजवादी किसान सभा से अलग हो गये थे। कार्यालय सदैव स्वामी सहजानन्द के ही साथ रहा। ये ही सर्वे-सर्वा होल टाइमर-पूर्णकालिक थे, शेष लोगों को अन्य काम भी थे।

बिहार प्रान्तीय किसान सभा

अधिवेशन सं. ईस्वी स्थान सभापति

1. 1929 सोनपुर स्वामी सहजानन्द

2. 1934-35 गया पुरुषोत्ताम दास टण्डन

3. 1935 हाजीपुर स्वामी सहजानन्द

4. 1936 बीहपुर जयप्रकाश नारायण

5. 1937 बछवाड़ा पण्डित यदुनन्दन शर्मा

6. 1939 बैनी दरभंगा पण्डित कार्यानन्द शर्मा

7. 1940 फरवरी मोतिहारी महापण्डित राहुल सांकृत्यायन

8. 1941 फरवरी डुमराँव पण्डित यमुना कार्यी

9. 4-5 अप्रैल, 1942 शेरघाटी स्वामी सहजानन्द सरस्वती

10. 12-13 जून, 1943 सोनपुर स्वामी सहजानन्द सरस्वती

11. - - -

12. - - -

13. - - -

14. 21 जून, 1947 जहानाबाद स्वामी सहजानन्द सरस्वती

15. - - -

16. 12-13 मार्च, 1949 ढकाईच (शाहाबाद) स्वामी सहजानन्द

1941-46 में अखिल भारतीय किसान सभा की सदस्य सूची

क्रम संख्या प्रान्त 1941-42 1943 1944 1945 1946

1. बिहार 54,200 27,168 69,309 80,004 26,369

2. बंगाल 35,120 83,160 1,77,626 2,55,104 -

3. आन्धा 36,993 55,560 1,01,502 1,68,384 -

4. पंजाब 52,354 56,004 1,09,608 1,36,800 -

5. उत्तर प्रदेश 9,600 12,096 27,848 34,368 -

6. अन्य प्रान्त 37,514 47,995 79,431 53,026 -

2,25,781 2,81,983 5,53,427 8,27,686 7,54,345

ऊपर के डाटा से पहला निष्कर्ष यह निकलता है कि सोशलिस्ट और फारवर्ड ब्लाक ग्रुप के किसान सभा 1941-42 में छोड़ने से अखिल भारतीय स्तर पर गिरावट सदस्य संख्या में नहीं आयी। यह गिरावट बिहार में पचास प्रतिशत हो गयी। स्वामी सहजानन्द और किसान सभा में मतभेद होने पर बिहार में सदस्य संख्या कम्युनिस्ट पार्टी वाली किसान सभा में अस्सी हजार से गिरकर छब्बीस हजार हो गयी। यह स्वामीजी के बिहार किसान सभा पर प्रभाव को दर्शाता है। तीसरा निष्कर्ष यह है कि स्वामीजी के वर्ग-संघर्ष के सिद्धान्त अपनाने से किसान सभा कमजोर नहीं हुई, उल्टे यह संख्या जो 1941-42 में 2,25,781 थी बढ़कर 1945 में 8,27,686 हो गयी। अत: बाल्टर हौजर का यह निष्कर्ष कि जैसे-जैसे स्वामीजी सिद्धान्त से लैस अर्थात् मार्क्सवादी होते गये, वैसे-वैसे किसान सभा कमजोर होती गयी। -तथ्य की कसौटी पर सही नहीं है। अरविन्द नारायण दास का यह मत कि स्वामीजी ने किसान सभा को राजनीतिक दल के अधीन नहीं संचालित किया, अत: सभा कमजोर हो गयी, तथ्य से परे है। आजादी के बाद फिर कोई पार्टी स्वामीजी की मृत्यु के उपरान्त अपने बूते देश स्तर पर व्यापक आन्दोलन नहीं खड़ा कर पायी। स्वामीजी को साम्राज्यवाद और सामन्तवाद के अन्तर्विरोध का शमन करना था। इसमें किसान के सभी वर्ग धनी किसान, मध्यम किसान, गरीब किसान, मजदूर किसान शरीकदार थे। ये वर्ग अलग-अलग पार्टियों के वर्गाधार थे। अत: स्वामीजी की मजबूरी थी कि सभी किसान वर्ग अर्थात् सभी पार्टियों के किसान तत्त्वों को आजादी की लड़ाई और जमींदारी उन्मूलन तक साथ रखते। वह वक्त नया ढाँचा बनाने का नहीं था। अत: जी.पी. शर्मा एवं इकोनोमिक एण्ड पाँलिटिकल वीकली का स्वामीजी पर खेत मजदूर को नेतृत्व में न लाने की तोहमत सही नहीं है। स्वामीजी गरीब किसान खेत मजदूर ही असली किसान हैं सूत्रा तक पहुँच चुके थे। उस समय की परिस्थिति, सभा का पुराना ढाँचा, मृत्यु के असामयिक हस्तक्षेप (26 जून 1950) स्वयं अपना वर्गाधार सभी के कारण स्वामीजी की अपनी सीमाबद्धता थी। नया ढाँचा बनाने का उन्हें वक्त नहीं मिला पर मृत्यु के पूर्व उनकी सभाओं के श्रोता जर्जर किसान और खेत मजदूर ही होते थे।

जमींदारी उन्मूलन की स्पष्ट सम्भावना देखकर धनी किसान-मध्यम किसान आजादी मिलते ही किसान सभा से विरत हो गये। कांग्रेस, समाजवादी, फारवर्ड ब्लॉक, रेडिकल, कम्युनिस्ट के किसान सभा से अलगाव से स्वामीजी पोरस की तरह युद्ध भूमि में अकेले बगैर फौज के हो गये। राहुल, कार्यानन्द, नक्षत्रा मालाकार, किशोरी प्रसन्न सिंह, इन्द्रदीप सिन्हा, चन्द्रशेखर सभी कम्युनिस्ट पार्टी में चले गये। रामनन्दन मिश्रा, बसावन सिंह, गंगाशरण सिंह, दिनकर, बेनीपुरी, योगेन्द्र शुक्ला, सूरज नारायण सिंह सोशलिस्ट पार्टी में चले गये। धानराज शर्मा, के.एन. शाण्डिल्य, शीलभद्र याजी, रामायण सिंह इत्यादि क्रमश: कम्युनिस्ट, क्रान्तिकारी सोशलिस्ट, सोशलिस्ट पार्टी में चले गये। मोहन लाल गौतम, अर्जुन सिंह भदौरिया, सोशलिस्ट पार्टी में चले गये। मुजफ्फर अहमद, जेड.ए. अहमद, एम.ए. रसूल, कुँवर अशरफ, नम्बूदरीपाद इत्यादि नेता कम्युनिस्ट पार्टी में चले गये। एन.जी. रंगा सोशलिस्ट पार्टी में चले गये। स्वामीजी के पास केवल इन्दुलाल यागनिक और यदुनन्दन शर्मा ही रह गये। जनाधार टूटने से, सामाजिक आधार बिखरने से, महँगी के कारण, आजादी के कारण, जमीन उन्मूलन की सम्भावना के कारण, स्वामीजी की अचानक मृत्यु के कारण किसान आन्दोलन कमजोर पड़े। अरुण कुमार शोधार्थी का कहना है कि स्वामी ने गीता को माध्यम बनाकर मार्क्सवाद का प्रचार कर राजनीति को नयी भाषा तो दी पर वर्ण संघर्ष को तवज्जह न देकर और संन्यास को न छोड़कर इस कार्य को अधूरा छोड़ दिया। वर्ण संघर्ष जाति संघर्ष के मसीहा लोहियावाद आज पिछड़ा, अति पिछड़ा, सर्वाधिक पिछड़ा, कुलीन पिछड़ा के चक्कर में बिखर कर स्वयं अपनी प्रासंगिकता खो रहा है, इसकी तुलना में ठोस कार्यक्रम के कारण अम्बेडकरवाद का भविष्य अभी के भारत में है जिसने प्रखर राष्ट्रवाद और हिन्दू शास्त्रों का गहन अनुशीलन कर सूत्रीकरण किया है जिसमें हरिजन का वर्ग वर्ण लगभग एक ही रहने के कारण संघर्ष वर्गीय रूप लेता है और अम्बेडकर का वर्ण-संघर्ष जाति-संघर्ष का रूप नहीं लेता-जाति में उच्चतर संस्तर पाने की केवल आकांक्षा जगाता है। अम्बेडकर ऐसे विचार को लोहिया ने जलन का प्रतीक कहकर अपना कद छोटा किया है। अत: स्वामी सहजानन्द पर वर्ण संघर्ष न करने का आरोप लोहियावाद की शव परीक्षा करने पर व्यर्थ प्रतीत होता है। किसान सभा के आय का स्रोत सदस्यता शुल्क का था जो पचास पैसे प्रति सदस्य था।

क्रम सं. किसान नेता का नाम  सामाजिक आधार  घर  शिक्षा

1. स्वामी सहजानन्द- छोटा किसान, गाजीपुर, स्वाध्याय से सरस्वती बहुपठित

2. जयप्रकाश नारायण- शहरी मध्यमवर्ग, सिताव दियारा- विदेश पठित

3. एन.जी. रंगा- धनाढ्‌य किसान, गुन्टुर -ऑक्सफोर्ड

4. नरेन्द्र देव- शहरी मध्यमवर्ग, यू.पी.-बुद्धिजीवी

5. मुजफ्फर अहमद- निर्धन कृषक, नोआखाली-सम्पादक गणवाणी

6. एम.ए. रसूल- मध्यमवर्ग वर्द्धवान, मुस्लिम राजनीति से प्रवेश

7. इन्दुलाल यागनिक-सम्पन्न, गुजरात-बुद्धिजीवी

8. कार्यानन्द शर्मा- निर्धन किसान, बिहार- मार्क्सवादी

9. यदुनन्दन शर्मा- निर्धन किसान, गया- स्नातक

10. किशोरी प्रसन्न सिंह - मुजफ्फरपुर- बुद्धिजीवी

11. जी सुन्दरैया- धनी किसान, नेलोर -

12. सी. राजेश्वर राव- धनी किसान, आन्धार -

13. नम्बूदरीपाद-जमींदार, केरल बुद्धिजीवी

14. रामनन्दन मिश्रा- जमींदार दरभंगा -

15. कुमार बद्रीनारायण सिंह- छोटा जमींदार औरंगाबाद- राष्ट्रवादी

16. ए.के. गोपालन- शिक्षक, उत्तरी मालाबार

17. योगेन्द्र शुक्ला - हाजीपुर, क्रान्तिकारी- राष्ट्रवादी

18. राहुल सांकृत्यायन- छोटा किसान, आजमगढ़- महापण्डित

19. बसावन सिंह- मध्यम किसान, हाजीपुर- क्रान्तिकारी राष्ट्रवाद

20. धनराज शर्मा- धनी किसान, पटना- क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी

21. सूरज नारायण सिंह- मध्यम किसान- दरभंगा '' ''

22. रामचन्द्र शर्मा- मध्यम किसान, जहानाबाद

23. रामजी सिंह - अमहारा

24. शत्रुघ्नशरण सिंह- छोटा जमींदार, क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी

25. शीलभद्र याजी -  क्रान्तिकारी, राष्ट्रवादी

26. गंगाशरण सिंह - नरम समाजवादी

27. डॉ. भूपेन्द्रनाथ दत्ता - समाजशास्त्री, साहित्यकार

28. गोपाल हलदर - पत्रकार

29. खेरी बर्मन - मार्क्सवादी विद्वान

30. भूपाल पण्डा - मिदनापुर क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी

31. अवनी लाहिड़ी मध्यमवर्ग '' ''

32. सोहन सिंह जोश - '' ''

33. सोहन सिंह भखना - '' ''

34. बंकिम मुखर्जी मध्यमवर्ग मार्क्सवादी

35. हरे कृष्ण कोनार धान व्यापारी - क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी

36. विनय चौधारी - - क्रान्तिकारी राष्ट्रवादी

37. इन्द्रदीप सिंह छोटा जमींदार बुद्धिजीवी

38. नक्षत्रा मालाकार भूमिहीन किसान क्रान्तिकामी

किसान सभा का चरित्र तत्कालीन बदलती परिस्थितियाँ, किसान की तदनुरूप बदलती परिभाषा, नेतृत्व की बदलती अवधारणा, बदलते मुद्दे, बदलते संघर्ष के तरीकों द्वारा निर्धारित हुआ। 1936 ई. में छोटे जमींदार भी गृहस्थ अर्थात् किसान की कोटि में थे और वे नेतृत्व में भी थे पर 1938 में जमींदार के समस्त वर्ग प्रहार के लक्ष्यहो गये और 1941 से जर्जर किसान और खेत-मजदूर ही किसान की कोटि में शुमारितहुए।

1936-''किसान एक गृहस्थ है वह अपनी जीविका के लिए खेती पर निर्भर है चाहे वह छोटा जमींदार हो, रैयत हो या खेत-मजदूर हो।''

1941-''किसान सभा उन शोषित और पीड़ित समूह के लिए है जो खेती से सम्बन्धित हैं जो इसी पर जीते हैं। जितना ही वे सताये हुए हैं और पीड़ित हैं उतना ही वे किसान संगठन के नजदीक हैं और यह सभा उतने ही उनके नजदीक है।''

(खेत-मजदूर पृष्ठ 10 पर हस्तलिखित महारुद्र का महाताण्डव 1949, बैजवाड़ा 1944)

स्वामीजी मानते थे गरीब किसान और खेत-मजदूर के बीच कोई विभाजन रेखा नहीं खींची जा सकती। हारा हुआ किसान ही खेत-मजदूर है, थोड़ा खुशहाल खेत-मजदूर ही किसान है।

नियामतपुर की बैठक

अखिल भारतीय किसान समिति की बैठक 14 एवं 15 जुलाई 1937 को नियामतपुर गाँव, बेला स्टेशन, गया, पण्डित यदुनन्दन शर्मा के आश्रम पर सम्पन्न हुई। इसमें स्वामी सहजानन्द एन.जी. रंगा, इन्दुलाल यागनिक, बंकिम मुखर्जी, अवधेश्वर प्रसाद सिन्हा, रामवृक्ष बेनीपुरी, गंगाशरण सिन्हा एवं यदुनन्दन शर्मा शरीक हुए। इसमें शरीक होने नेहरू भी ट्रेन से आये। गाड़ी गाँव में पहुँची तब तक उन्हें खबर प्राप्त हुई कि झण्डा तिरंगा की जगह लाल मंजूर हुआ है, वे वहीं से खिन्न मन से लौट गये।

समिति की बैठक

क्रम सं. केन्द्रीय किसान तिथि अध्यक्ष विशेषता

1. नियामतपुर 14-15 जुलाई, 1937 एन.जी. रंगा लाल झण्डा की स्वीकृति

2. कलकत्ता 27-28 अक्टूबर, 1937 - कर्ज की मंसूखी

3. हरिपुरा 17-18-20 जनवरी, 1938 एन.जी. रंगा पटेल को जवाब

4. पलाका अक्टूबर, 1941 गोपालहलधार

5. बम्बई 24-27 सितम्बर, 1942

1939 ई. में गया में चतुर्थ सम्मेलन के स्वागत अध्यक्ष यदुनन्दन शर्मा थे। इसमें प्रस्ताव पास हुआ-

''प्रान्तीय किसान सभा उनसे खेत-मजदूर यूनियन जहाँ बन गयी हो मित्रातापूर्ण सम्बन्ध रखे तथा किसानों और खेत-मजदूरों के मध्य उमड़ते विवादों का समाधान कराये।''

अधिवेशन के अध्यक्ष नरेन्द्र देव थे। अध्यक्षीय भाषण पर स्वामीजी के ऐतराज के मद्देनजर भाषण का मसविदा पी.सी. जोशी एवं जयप्रकाश ने तैयार किया था।

किसानसभा के कांग्रेस से मतभेद-

  • (i) कांग्रेस पर जमींदार वर्ग का प्रभुत्व था। किसान जमींदार से पैमाल थे।

  • (ii) कांग्रेस साम्राज्यवाद से हर पग पर समझौता चाहती थी, संघर्ष पंगु हो जाता था। इरविन समझौता, लिनलिथगो समझौता, क्रिप्स समझौता, कैबिनेट मिशन समझौता, बैवल प्लान, माउण्टबेटन फार्मूला इसके उदाहरण हैं।

  • (iii) साम्राज्यवाद से मिली-जुली कुश्ती की अवधि में कांग्रेसी सामन्त विरोधी संघर्ष को औपनिवेशिक स्वराज्य तक मुल्तवी रखना चाहते थे।

  • (iv) स्वामीजी डोमिनियन स्टेट्स को पूर्ण आजादी की फाँसी कहते थे।

समाजवादी पार्टी से मतभेद के कारण-

  • (i) कांग्रेस समाजवादी पार्टी अन्ततोगत्वा कांग्रेस की ही दुमछल्ला बनी रही।

  • (ii) इसने गांधीवाद द्वारा स्वीकृत लक्ष्मण रेखा के अधीन ही काम किया।

  • (iii) वर्ग-संघर्ष की जगह तोड़-फोड़, शोहरत, दुस्साहस, मीडिया में प्रचार का रास्ता अपनाया।

  • (iv) इसके कार्यकर्ता शहरी मध्यम वर्ग थे, किसान कम थे।

  • (v) पार्टी का खर्च, सामग्री सेठ देते थे।

  • (vi) क्रान्तिकारी चरित्र खोकर व्यक्तिवादी कारनामों में लिप्त हो गया।

  • (vii) कार्यकर्ताओं से नेताओं का संवाद गैप हो गया।

  • (viii) वर्ग-संघर्ष त्यागने के कारण क्रान्तिकारी परिप्रेक्ष्य समाप्त हो गया।

  • (ix) किसान सभा को अपना जन संगठन बनाना चाहा एवं विफल होने पर सभा पर कब्जा करना चाहा, विफल होने पर सभा में विभाजन करा दिया।

  • (x) संयुक्त वामपक्षी मोर्चा का नेता सुभाष को मानने से इन्कार कर दिया और गांधी को नेता माना।

  • (xi) गांधी के संरक्षण में और सुभाष विरोध के नाम पर अंग्रेजों के कोप से बचाव किया।

  • (xii) यह कांग्रेस की वी. टीम साबित हुई। नेहरू ही इस ग्रुप के आराध्य देव थे। 1946 तक लोहिया का निवास आनन्द भवन इलाहाबाद ही था।

कम्युनिस्ट पार्टी से किसान सभा के मतभेद के कारण-

  • (i) किसान सभा को अपनी पार्टी का जन संगठन बनाने का पार्टी का उपक्रम।

  • (ii) पाकिस्तान को समर्थन।

  • (iii) राष्ट्रवादी परिप्रेक्ष्य का अभाव।

  • (iv) सुभाष को वाम-मोर्चा का नेता मानने से इन्कार।

  • (v) गांधी को ही आजादी की लड़ाई भर नेता समझना।

  • (vi) कांग्रेस को संयुक्त मोर्चा समझने की भूल करना।

  • (vii) वाम-मोर्चे के गठन से आना-कानी।

  • (viii) जन संस्कृति से टकराव।

  • (ix) अन्तर्राष्ट्रीयता का महत्त्व ज्यादा।

  • (x) धर्म की प्रवंचना की जगह धर्म से ही टक्कर।

  • (xi) द्वितीय विश्वयुद्ध काल में 'अधिक अन्न उपजाओ' आन्दोलन में क्रान्ति का काम छोड़कर लगना।

  • (xii) कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा स्वामीजी पर व्यक्तिवाद, निम्न पूँजीवादी मनोवृत्ति एवं तानाशाही का आरोप।

  • (xiii) गरीब किसानों के साथ सम्मिलित नेतृत्व मानकर न एकताबद्ध होना।

  • (xiv) सर्वहारा के यूनियन के साथ किसान सभा भी खुद के हाथ रखना, स्वामीजी स्वतन्त्रा और बराबर की हैसियत की किसान सभा सर्वहारा वर्ग की पार्टी के समकक्ष चाहते थे। यह बराबरी कम्युनिस्ट पार्टी को मंजूर नहीं थी। स्वामीजी किसान सभा को पार्टी के अधीन नहीं चाहते थे।

  • (xv) द्वितीय विश्वयुद्ध को कम्युनिस्ट पार्टी जनता की लड़ाई कहती थी। स्वामीजी 1943 ई. से इसे जनता की लड़ाई नहीं मानते थे।

  • (xvi) स्वामीजी का विचार था कि अंग्रेजों के युद्ध प्रयत्नों की न तो मुखालफत करनी है और न मदद करनी है। कम्युनिस्ट पार्टी मदद के पक्ष में थी। इस अवधि को जमींदार विरोधी संघर्ष पर पार्टी विराम चाहती थी। स्वामीजी 1943 से किसान फ्रण्ट पर गति चाहते थे। कम्युनिस्ट रूस की रक्षा के नाम पर रूस के दोस्त अंग्रेजों के खिलाफ किसी किस्म की हड़ताल नहीं चाहते थे। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी पर इंगलैंड एवं रूस की कम्युनिस्ट पार्टी का आदेश चलता था। देशी हित गौण हो गया था।

  • (xvii) कम्युनिस्ट पार्टी जिन्ना की वकालत करती थी (स्वामीजी का 15 अप्रैल 1945 का शकूराबाद का भाषण, 1945 मैमन सिंह का भाषण, बैजवाड़ा 1944 का भाषण)

अंग्रेजी हुकूमत के समय भारत में कम्युनिस्ट पार्टी के विफल होने के निम्न कारण थे-

  • (i) देश हित की कीमत पर अन्तर्राष्ट्रीय नीति को तरजीह।

  • (ii) राष्ट्रवादी परिप्रेक्ष्य से मरहूम रहना।

  • (iii) भारत में क्रान्ति के लिए रूस पर निर्भर करना।

  • (iv) रूस-ब्रिटेन संधि का भारत के किसान-मजदूर आन्दोलन की गति पर विपरीत प्रभाव पड़ना।

  • (v) जन संस्कृति, लोकभाषा, परम्परा, धर्म से टकराकर अलोकप्रिय होना।

  • (vi) राष्ट्र के अन्दर कई राष्ट्र की पश्चिमी अवधारणा से अभिभूत होना।

  • (vii) जन संघर्ष के सैलाब को आधुनिक राष्ट्रवाद का कारण नहीं समझ विदेश पठित बाबू वर्ग को ही राष्ट्रीयता का कारण समझने की गलत दृष्टि।

  • (viii) इतिहास की भौतिकवादी व्याख्या से भारतीय असहमति।

  • (ix) किसान को क्रान्ति का प्रधान बल, गाँव को समरभूमि न समझना।

  • (x) पाकिस्तान का समर्थन।

  • (xi) सुभाष की शिकस्त में गांधी का साथ देना। सुभाष की शिकस्त भारत में वाम की शिकस्त साबित हुई।

  • (xii) अन्तत: गांधी के हाथ देशद्रोही का खिताब पाना, ठगा जाना।

  • (xiii) गांधी के समझौतावादी रुख का पर्दाफाश न करना।

  • (xiv) वाम मोर्चा न बनाना।

  • (xv) शासक वर्ग का ठीक-ठीक चरित्र-चित्रण न करना। 1940 के दशक का शासक वर्ग निश्चय ही दलाल अपने चरित्र में था। इसे राष्ट्रीय बुर्जुआ समझने से ही गांधी का नेतृत्व कम्युनिस्ट पार्टी को कबूल हुआ।

  • (xvi) चीनी क्रान्ति का न तो खुद मूल्यांकन करना और न स्वामीजी की किताब 'क्रान्ति और संयुक्त मोर्चा' के चीनी क्रान्ति के वर्णन एवं सीख से सबक लेना।

फारवर्ड ब्लाक से मतभेद के कारण-

सुभाषचन्द्र बोस आजादी की लड़ाई के दरम्यान सबसे अधिक इज्जत स्वामी सहजानन्द को ही प्रदान किये। वे अन्त तक यह मानते रहे कि 1940 के दशक में पूरे देश को यदि कोई नेतृत्व क्रान्ति की सफलता के निर्मित्त दे सकता है तो वह हैं स्वामी सहजानन्द। जब गांधी अंग्रेजों से हिले-मिले थे सुभाष और स्वामी सहजानन्द ने 19-20 मार्च को रामगढ़ में एक विशाल समझौता विरोधी सम्मेलन किया जिसमें बकौल मथुरा मिश्र एवं रामविलास शर्मा इस सभा में दो लाख व्यक्ति शरीक हुए। डालमिया, गया काटन मिल मालिक, राजा कामाख्या नारायण रामगढ़, आदिवासी जयपाल सिंह के समर्थन और बेइन्तहा खर्च के बावजूद गांधी की सभा सुनी हो गयी। सारी भीड़ सुभाष की सभा में आ गयी। 'अंग्रेजो भारत छोड़ो' संघर्ष की शुरुआत रामगढ़ से 19 मार्च 1940 से की गयी, बम्बई, 9 अगस्त, 1942 की बात बेतुकी है। देश सुभाष के नेतृत्व में अंग्रेजों से 1940 से ही लड़ रहा था। इस सभा के बाद स्वामीजी के तीन भाषण पटना सिटी मंगल तालाब, बिहार शरीफ और बाँकीपुर पटना में क्रमश: 7, 10 और 19 अप्रैल को हुए। अंग्रेजों से तुरन्त भिड़ जाने के स्वामीजी के आह्नान पर उन्हें राष्ट्रद्रोह के अपराध में तीन साल की सजा हुई।

अपनी पत्रिका फारवर्ड ब्लॉक में 20 अप्रैल 1940 को सुभाष ने अग्र लेख लिखा-(एलायड पृष्ठ 194 खण्ड 10 नेहरू म्युज़ियम)

''स्वामी सहजानन्द सरस्वती इस धरती पर एक जादुई नाम हैं। ये भारत के किसान-आन्दोलन के नि:सन्देह सर्वोपरि नेता हैं। ये आज के समय में जनता के आराध्य देव हैं। लाखों लोगों के हीरो हैं। रामगढ़ के समझौता विरोधी अध्यक्ष के रूप में इन्हें प्राप्त करना हम लोगों के लिए वाकई दुर्लभ भाग्य की बात थी। फारवर्ड ब्लाक के लिए यह एक गौरवपूर्ण विशेषाधिकार एवं सम्मान की बात थी कि हम उन्हें वामपन्थ के सबसे अग्रणी नेता, मित्रा, चिन्तक, सिद्धान्तकार एवं पथ-प्रदर्शक के रूप में प्राप्त कर सके। उनकी गिरफ्तारी की खबर सुनते ही हम लोगों ने आनन-फानन में ही 28 अप्रैल को अखिल भारतीय स्वामी सहजानन्द दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया ताकि उनकी कैद का विरोध कर सकें। हम स्वामीजी को इस नजरबन्दी और राजबन्दी से अर्जित शिष्ट सम्मान प्राप्त करने के लिए बधाई देते हैं। स्वामीजी की गिरफ्तारी का हमें स्वागत है। स्वामीजी की जेल के सीखचों के पीछे कैद लाखों लोगों को दुविधा एवं गतिरोध, जकड़न तोड़ने के लिए उत्प्रेरित करेगा और इसमें वे तहे दिल से जुट जायेंगे। कोई भी व्यक्ति अब किनारे नहीं रह सकेगा। यह समय युद्ध में भिड़न्त का है और हम अवश्य भिड़ेंगे।

''स्वामीजी शिक्षकों के भीतर हैं, पर उन्होंने एक वसीयत छोड़ी है। हमें उनसे एवं उनके जीवन संघर्ष से सबक सीखना चाहिये; उनसे सेवा का सबक सीखना चाहिये, समाजवाद की उनकी गम्भीर अन्तश्चेतना से सबक सीखना चाहिये। स्वामीजी मूलत: भिड़न्त और कर्म के श्लाका पुरुष हैं। इन्होंने अपनी गिरफ्तारी के समय देशवासियों से अपील की है कि टालमटोल और विलम्ब न करें और तुरन्त आनन-फानन में भिड़ जायें। स्वामीजी की गिरफ्तारी अभिनव भारत के लिए एक चुनौती है। इस चुनौती को हमें स्वीकार करना है? ब्रिटिश सरकार देखे और अंकित करे कि देश दृढ़ता से स्वामीजी के पीछे खड़ा है। हमें चाहिये कि हम अपना कार्य 'चाहे आजादी दो या मौत दो' निश्चय के साथ जारी रखें, तभी सभी अवरोध हट कर रहेंगे। इस तिमिरग्रस्त तमस आक्रान्त भारत-भूमि पर आजादी अवश्य आयेगी।''

19 मार्च 1940 को रामगढ़ की सभा में सुभाष ने दहाड़ा था (जन गर्जन ई. 1985)

''...इस प्रकार के सम्मेलन की अध्यक्षता करना कोई साधारण काम नहीं है और यह काम तब और मुश्किल हो जाता है, जब स्वागत समिति के अध्यक्ष स्वामी सहजानन्द सरीखा साथी हो। यह स्वामीजी का ही स्पष्ट आह्नान है जिसके फलस्वरूप हम लोग यहाँ एकत्रित हुए हैं...''

फिर 1942 अगस्त का बर्लिन ब्रॉडकास्ट पर नजर करे (गिरिजा कुमार मुखर्जी)

''मुझे पूरा विश्वास है कि जिन स्वामी सहजानन्द सरस्वती तथा अन्य किसान नेताओं ने फारवर्ड ब्लाक से मिलकर महात्मा गांधी से बहुत पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था, वे अब आन्दोलन को सफल बनाने में नेतृत्व प्रदान करेंगे। अत: स्वामी सहजानन्द और किसान आन्दोलन के अन्य नेताओं से मेरी अपील है कि वे आगे आयें और संघर्ष की इस अन्तिम स्थिति में उसे नेतृत्व देने की भूमिका निभायें।...''

इस तरह के श्रद्धाशील, श्रद्धावनत व्यक्ति से आखिर मतभेद किस बिना पर हुए।

(i) क्रान्ति की परिभाषा पर पूर्ण सहमति होते हुए भी क्रान्ति के एकमुश्त या दो चरण में होने पर वैचारिक मतभेद थे। स्वामीजी एक ही झटके में साम्राज्यवाद और सामन्तवाद से मुक्ति चाहते थे। सुभाष आजादी को पहली तरजीह देते थे।

(ii) स्वामीजी की क्रान्ति की मंजिल सम्प्रति जनवादी थी, सुभाष की समाजवादी थी।

(iii) स्वामीजी नहीं चाहते थे सुभाष विदेश जायें। स्वामीजी वर्ग-संघर्ष के जरिये सुभाष के नेतृत्व में क्रान्ति चाहते थे। मगर रेडिकल, कांग्रेस समाजवादी और कम्युनिस्ट इस पर तैयार न हुए। इनके असहयोग एवं गांधी के षडयन्त्रा के कारण सुभाष विवश होकर देश छोड़ दिये।

(iv) स्वामीजी जापान को भी साम्राज्यवादी समझते थे। जापान का चीन पर अत्याचार इसका नमूना था। स्वामीजी इस ओर सुभाष का ध्यान खींच रहे थे, सुभाष स्वामीजी को आन्तरिक विद्रोह के लिए उकसा रहे थे। जब वे खुद बाहर से आक्रमण करने वाले थे।

(v) स्वामीजी धर्म और मार्क्स के सकारात्मक सहअस्तित्व पर सुभाष की सोच के नजदीक थे पर इसमें अस्थायी तौर पर फासिज्म जोड़ने के सुभाष की अवधारणा के खिलाफ थे।

अगस्त क्रान्ति का रहस्य

अगस्त क्रान्ति के वास्तविक नायक बिहार में योगेन्द्र शुक्ला, सियाराम सिंह और सूरजनारायण सिंह थे। अखिल भारतीय स्तर पर अरुणा आसफ अली, उषा मेहता, अच्युत पटवर्द्धन थे। हनुमान नगर और हजारीबाग जेल से लोहिया-जयप्रकाश जोड़ी और जयप्रकाश को (क्रमश:) भगाने वाले क्रान्तिकारी योगेन्द्र शुक्ला ही थे। मीडिया ने लोहिया-जयप्रकाश को मशहूर कर दिया। अगस्त की तोड़-फोड़ कार्रवाई मात्रा तीन माह ही चली। इसमें बिहार के एवं पूर्वी यू.पी. के किसानों ने जबरदस्त शिरकत एवं साहस दिखलाया। पर, उचित नेतृत्व के अभाव में यह कारगर न हो सका। सुभाष की प्रतिद्वन्द्विता की काट में यह किया गया था और सुभाष विरोध के कारण ही अंग्रेजों ने लोहिया-जयप्रकाश को जिन्दा रहने दिया। अंग्रेजों ने इनका इस्तेमाल सुभाष की चढ़ाई को विफल करने में किया पर लोकमत को देखकर नेहरू आजाद हिन्द की रिहाई के लिए वकील का चोंगा पहन प्रचार लूटे पर आजाद भारत में इन सभी देशभक्तों को बर्खास्त कर दिये। गांधी ने अगस्त क्रान्ति को हुल्लड़ों का काम कहा।

गांधी ने 15 जुलाई, 1943 को होम डिपार्टमेण्ट को लिखा-

''कांग्रेस ने कोई आन्दोलन शुरू नहीं किया।''

गांधी ने 23 सितम्बर, 1942 को लार्ड लिनलिथगो वायसराय को लिखा-

''जिन दु:खद हुल्लड़ात्मक-धवंसात्मक कार्यों के समाचार मिले हैं, उनसे भी सुनिश्चित रूप से बचा जा सकता था यदि वायसराय के पास मैंने जो पत्र लिखना चाहा था, उसके लिए और उसके परिणाम के लिए अगर सरकार ने जरा भी इन्तजार किया होता...''

गांधीजी ने 19 जनवरी, 1943 को लिखा-

''गत 9 अगस्त के बाद जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए अवश्य ही मैं पश्चात्ताप कर रहा हूँ।''

गांधी ने भारत सरकार के सचिव टोटेन हेम को लिखा-

''कांग्रेस ने कोई भी आन्दोलन शुरू न किया था और वे अगर बाहर होते तो भी जी-जान से 1942 की घटनाओं को रोकते। मैंने यह दिखाने की कोशिश की है कि मेरा अंग्रेजों को हटाने का प्रस्ताव जन-आन्दोलन आरम्भ करने की कोई विशेष तैयारी या योजना सूचित नहीं करता। ...मैंने जन-आन्दोलन कदापि नहीं शुरू किया...अत: यह स्पष्ट है कि अगर हमें गिरफ्तार न किया जाता तो यह गोलमाल न होता जो 9 अगस्त और उसके बाद हुआ। पहले मैं वार्तालाप को सफल बनाने की कोशिश करता और फिर सफल न होने पर गोलमाल-हुल्लड़ को रोकने की कोशिश करता।''

14 अगस्त 1943 को गांधी ने भारत सरकार को लिखा-

''भारत सरकार के घोषित उद्देश्य और हम लोगों के उद्देश्य एक ही हैं।''

नेहरू-पटेल-पन्त ने कांग्रेस की तरफ से 21 सितम्बर 1945 को संयुक्त वक्तव्य दिया-

''कोई भी आन्दोलन आल इण्डिया कांग्रेस कमेटी या गांधीजी ने आरम्भ नहीं किया था।''

(स्रोत - रजनी पामदत्ता पृष्ठ 502-503 इण्डिया टुडे)

अंग्रेजों ने गांधी और कांग्रेस को महान बनाने के लिए, जनता में इनकी छवि अंग्रेज विरोधी देशभक्त गढ़ने के लिए अपने हित में इन्हें जेल दिया। 1945 के बाद कांग्रेसी जब जेल से निकले और जनता में 42 के लिए आदर देखा तो बड़े ही बेहयायी से बोले-

''यह मेरा आन्दोलन न था तो किसका था?''

गांधी की यह परले दरर्जे की अवसरवादिता थी। अंग्रेजों ने गांधी को समय-समय पर जेल देकर गांधी की छवि को चमकाया ताकि जनता भ्रम में रहे, सुभाष को एकल नेता न माने, विभक्त रहे।

अत: अंग्रेजो भारत छोड़ो आन्दोलन 1942 से नहीं 1940 से 9 अगस्त से से नहीं 19 मार्च से बम्बई से नहीं रामगढ़ से गांधी द्वारा नहीं सहजानन्द सुभाष द्वारा शुरू किया गया-यही इतिहास की सच्चाई है शेष काव्य विनोद है।

गांधी के समझौतावादी रुख पर स्वामी सहजानन्द ने अपने मित्र रघुनाथ मिश्र ग्राम पतौर को पत्रा में लिखा-

''क्रिप्स मिशन की घोषणा चातुर्यपूर्ण जाल है...
     वंशी ने ढील पायी है लुफ्ते वैशाद है
     सैयाद मुर्तमझे है, कि काटा निगल गई
   ...जो ट्रैक्टर की ओर हमें बलात् घसीट रहा है। उधर तो हमें जाना ही है, पर देर होने से बंटाधार होगा।''

गांधी के विपरीत स्वामीजी अंग्रेजों के कपट जाल को साफ देख रहे थे कि उसने समझौते के बहाने मछली के मुँह में चारा की जगह काँटा डाला है। मछली शिकारी की वंशी में फँसने ही वाली है। ट्रैक्टर को अवश्यंभावी हितकर बतलाकर गांधी के विपरीत वैज्ञानिक खेती के महत्त्व को स्वामीजी रेखांकित कर रहे थे।

हिंसा के सवाल पर स्वामीजी का रुख साफ था-

''किसान कभी आक्रामक न हों, लेकिन अगर उन पर कोई आक्रमण हो तो उन्हें अपनी सुरक्षा का पूरा अधिकार है।'' (किसानों के फँसाने की तैयारियाँ)

स्वामी सहजानन्द सरस्वती 1945-46 में कम्युनिस्ट पार्टी से बिदक कर फिर कांग्रेस समाजवादी पार्टी की ओर मुड़े पर नरेन्द्र देव, सम्पूर्णानन्द, मोहनलाल गौतम, पुरुषोत्ताम दास टण्डन, किसान की स्वामीजी की परिभाषा और लाल झण्डा पर सहमत न हुए। स्वामीजी ने किसान को 1944 बैजवाड़ा में इस तरह परिभाषित किया था-

''हमारे विचार से किसान वही हैं जो या तो बिल्कुल भूमिहीन हैं या जिनके पास बहुत कम जमीन है'' ''...ऐसे ही सर्वहारा, अर्द्ध-सर्वहारा का संगठन किसान सभा है।''

नरेन्द्र देव का किसान खाता-पीता धनी किसान था। ये लोग किसी सूरत में किसी तरह की हिंसा नहीं चाहते थे। किसान सभा का झण्डा तिरंगा समझते थे। स्वामीजी को कम्युनिस्ट पार्टी का 'फैलो ट्रेवलर' कहते थे। जनवरी 1947 में स्वामीजी फिर चाहे कि किसी तरह वाम दलों का कांग्रेस पर कब्जा हो जाये और कांग्रेस को वाम दिशा दिया जाये पर जब यह सम्भव नहीं हुआ और आजादी की लड़ाई से बाहर रहने वाले जिनमें अधिकांश यूनियन जैक जिन्दाबाद वाले थे- मथाई, चेट्टी, देशमुख, मुखर्जी, भाभा सिंह, अम्बेडकर, नेहरू सरकार में महत्त्वपूर्ण मन्त्री बने। तब स्वामीजी फिर एक बार संयुक्त वाम मोर्चे की ओर आकुल होकर दौड़े। स्वामीजी ने कांग्रेस से 6 दिसम्बर 1948 को इस्तीफा दे दिया।

भारत के विभाजन के गुनहगार

भारत के विभाजन का प्रस्ताव गोपालाचारी, राजेन्द्र प्रसाद, पटेल, नेहरू द्वारा समर्पित था एवं यह आसानी से कांग्रेस कार्यकारिणी में पास भी हो गया। इस बैठक में गांधी ने बँटवारे का विरोध किया था। मगर इसके बाद बिरला-टाटा-पुरुषोत्ताम दास ग्रुप ने दबाव बनाया कि यदि बँटवारा मंजूर नहीं होता है तब लियाकत अली खान वित्तमन्त्री हम हिन्दुओं को बजट के जरिये भारी टैक्स लगाकर गरीब बना देंगे और लियाकत अली खान समाजवादी बजट बतलाकर नेहरू की बोलती बन्द कर देगा-अत: हिन्दुओं का हित बँटवारे में है। पटेल इस पर सहमत हो गये। गोपालाचारी-राजेन्द्र प्रसाद पहले ही से इसके पक्ष में थे-पटेल ने अपनी प्रधानमन्त्री की दावेदारी वापस लेकर नेहरू को भी खण्डित पर समाजवादी भारत सत्ता के शीर्ष पर बैठकर बनाने की खुली छूट दे दी। नेहरू की दुविधा अब समाप्त हो गयी। वे भी पटेल के साथ हो गये। वर्किंग कमिटी की बैठक के बाद गांधी ने भी हिन्दू पूँजीपतियों की चीख को शक्ति से सुना। जब माउण्टबेटन ने सम्भावित किसान क्रान्ति या सैनिक क्रान्ति का भय गांधी को दिखलाया तब गांधी की दुविधा भी समाप्त हो गयी। यह सारी बात पूर्व मन्त्री एन.बी. गाडगिल की पुस्तक 'इनसाइड दी गवर्नमेण्ट' में वर्णित है। गांधी ने मैनचेस्टर और लंकाशायर के पूँजीपति वर्ग के एक हिस्से को आश्वस्त किया कि हमारा स्वदेशी आन्दोलन आपके मुनाफा के प्रतिकूल नहीं है। आखिर तकनीक, इंजीनियर, कारखाने की मशीन तो हम आपसे ही लेंगे। इस तरह आपको डरने की जरूरत नहीं है। जनता के विद्रोह से मुस्लिम लीग, अंग्रेज कांग्रेस, समाजवादी, रिपब्लिकन, दलित वर्ग संघ सभी भयभीत थे। विद्रोह सफल होने के पूर्व अंग्रेज अपने मातहतों के हाथ देश जिम्मा लगाना चाहते थे। सुभाष के लापता होने से विद्रोह को नायक नहीं मिल रहा था। देर होने पर सम्भावना थी कोई इब्राहिम लिंकन आ जाता जो देश को बँटने नहीं देता, कोई वाशिंगटन आ जाता जो अंग्रेजों को लाँक स्टाँक बैरेल विदा कर देता और स्वतन्त्रा अर्थ नीति, शिक्षा नीति, उद्योग नीति, युद्ध नीति का अनुसरण करता। अंग्रेज भी इस सम्भावना से भयभीत और जल्दी में थे। भारत के समस्त बाबू वर्ग को बँटवारे पर अंग्रेजों ने सहमत कराया। जिन्ना के पास नौकरशाह मुहम्मद अली चौधारी, पटेल के घर नौकरशाह वी.पी. मेनन, गांधी की प्रार्थना में अपनी पुत्रियाँ, नेहरू के यहाँ पत्नी एडविना भेजकर माउण्टबेटन सभी को नजर में रखे थे एवं सब उनकी धुन पर थिरक रहे थे। आखिर माउण्टबेटन सफल हो गये। 14 जून 1947 को कांग्रेस महासमिति की बैठक हुई। बैठक में बँटवारे का प्रस्ताव पन्त जी ने रखा। बँटवारे का विरोध गफ्फार खान, गोपीनाथ वारदोलई, चौथराम मिडवानी, डॉ. किचलु, पुरुषोत्ताम दास टण्डन, स्वामी सहजानन्द, मौलाना हफीजुर्रहमान इत्यादि ने किया। कुल 161 व्यक्ति बँटवारे के समर्थन के खिलाफ थे। पन्त का प्रस्ताव गिर गया। तब, ऐसी हालत में गांधी ने हस्तक्षेप किया। बँटवारे के पक्ष में वकील गांधी ने दलील पर दलील देकर प्रस्ताव पुन: रखा गांधी ने प्रस्ताव स्वीकार करने की सलाह दी और फरमाया-

''विभाजन पर कार्य समिति के प्रस्ताव को अस्वीकार कर देना या उसमें संशोधन करना आप लोगों के लिए अनुचित होगा। ...आपका यह कर्त्तव्य है कि आप कार्य समिति का समर्थन करें...देश के सब पक्षों ने विभाजन की योजना को मान लिया है। अतएव कांग्रेस के लिए अपनी बात से मुकर जाना ठीक नहीं होगा। ...मैं आपके सामने प्रस्ताव स्वीकार करने का अनुरोध करने आया हूँ। जो लोग देश में तुरन्त क्रान्ति या उथल-पुथल होने की दृष्टि से बात करते हैं, वे यह ध्येय तो इस प्रस्ताव को ठुकरा कर पूरा कर सकेंगे। लेकिन, मुझे इसमें यह सन्देह है कि उनमें कांग्रेस की और सरकार की बागडोर सँभालने की शक्ति है या नहीं... (गांधी के आप्त सचिव प्यारेलाल, नवजीवन प्रेस-पूर्णा हुति तीसरा खण्ड)

बँटवारे के सवाल पर फिर वोट हुए। जयप्रकाश-लोहिया गुट ने गांधी को मदद किया। प्रस्ताव पास हो गया।

फिर भी गफ्फार खान, स्वामी सहजानन्द इत्यादि उपरोक्त नामित सभी व्यक्ति अन्त तक विरोध में डटे रहे।

15 अगस्त 1947 की आजादी को स्वामीजी ने पूर्ण आजादी का फाँसी दिवस कहा। जनता से बालिग मताधिकार के आधार पर संविधान सभा के सदस्यों का चुनाव नहीं होने दिया गया। संविधान बनकर तैयार हुआ 26 जनवरी 1950 को और जनता को वोट का अधिकार मिला 1952 से। आप स्वयं विचारें इसे किस वर्ग ने बनाया? इस संविधान में सुखराम, लालू, जयललिता, वोफर किसी को कोई असुविधा नहीं है। बेइन्तहा मुनाफा पर भी रोक नहीं है और न अकूत धन के स्रोत बताने की दाऊद या किसी को बाध्यता है पर रोजगार गारण्टी की कोई बात नहीं है। बाबू वर्ग ने सम्पत्ति को मौलिक अधिकार में रखा पर रोजगार, कहीं नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पीने का पानी यह सब कुछ नीति निर्देशक में है। संविधान में लार्ड, सर, नवाब, महाराज, साहूकार, नौकरशाह, दलाल, भ्रष्ट के संरक्षण की पूरी व्यवस्था है। सुखराम प्रकरण सामने है। दूसरी बात यह हुई कि भारत-पाकिस्तान का भूगोल किसी को 15 अगस्त 1947 तक नहीं पता था। रेड क्लिफ एवार्ड 15 अगस्त के बाद आया। नतीजा हुआ जान और माल का स्थानान्तरण समय पर न हो सका। अन्त तक लोगों का विश्वास बना रहा कि लाहौर भारत में रहेगा। करीब एक लाख हिन्दू सिक्ख औरतें अपहृत हुईं और दस हजार मुस्लिम औरतें अपहृत हुईं। कोहाट, रावलपिण्डी, मीरपुर, पेशावर में औरतों को नंगी कर जुलूस निकाला गया, उसी हाल में कबायलियों के हाथ महज पचास से डेढ़ सौ रुपये में बेच दिया गया। जान की क्षति मुसलमानों की ज्यादा हुई, औरत धन की क्षति हिन्दुओं सिक्खों की ज्यादा हुई। करीब डेढ़ करोड़ आबादी प्रभावित हुई। लाखों मारे गये।

यह हुआ गांधी की हिंसा और उथल-पुथल से बचने का अंजाम। वस्तुत: बँटवारा की नीति में ही हिंसा के बीज छिपे थे। इतने भोले भारत के नेता न थे जो ऑंखों देखी हालातों की जानकारी से अनभिज्ञ थे। मगर, इसी रास्ते वे क्रान्ति की सम्भावना को दंगे में धूल-धूसरित करने में सफल हो सके और उनकी शासक वर्ग की गद्दी बच गयी। आज तक बची हुई है। जनता धर्म और जाति के नाम पर बँटने-लड़ने को अभिशप्त है आज भी। ये बातें मौलाना आजाद की पुस्तक 'इण्डिया विंस फ्रीडम' में भी उनके शब्दों में वर्णित हैं। गांधी की अहिंसा 1922 में, 1942 में, 1947 में हिंसा के सैलाब में डूब गयी, खुद गांधी और लियाकत अली खान भी इसी के शिकार हो गये। गांधी को मरवाने वाला भी गांधी से कम प्रतिष्ठित नहीं था-वीर सावरकर। (नाइन आवरर्स टु रामा फिल्म एवं गोपाल गोड से किताब)

स्वामी सहजानन्द सरस्वती ने सांस्कृतिक नव जागरण में भी अग्रणी भूमिका निभायी। दरिद्र नारायण, बलचनमा, कहीं धूप कहीं छाया, अग्निगर्भ, मैला आंचल के केन्द्र में स्वामी सहजानन्द और उनके साथी हैं। स्वामीजी के साथ अज्ञेय मेरठ में (1936), माचवे बागपत में (1938), मुल्कराज आनन्द त्रिपुरी में (1939), नागार्जुन-राहुल-दिनकर-बेनीपुरी 1930 से 1945 तक स्वामीजी के साथ कार्यरत रहे। बेनीपुरी स्वामीजी से सम्बन्धित पत्रिका योगी, लोकसंग्रह, जनता, किसान मित्र के सम्पादक थे। राहुल हुंकार के सम्पादक थे।

स्वामीजी का देहावसान मुजफ्फरपुर के मशहूर डॉक्टर सी.पी.एन. ठाकुर के श्वसुर मुचकुन्द शर्मा वकील के आवास पर 26 जून, 1950 को अत्यधिक तनाव, एकाकीपन, अथक परिश्रम, किसान विद्रोह की आकुलता की स्थिति में हुआ। मृत्युपूर्व अट्ठारह दलों का पटना में संयुक्त वाम मोर्चा बनाकर उन्होंने सफलता पायी पर इसमें जे.पी. लोहिया शरीक न हुए और 1949 के कलकत्ता सम्मेलन में रणदिबे गुट ने बहिष्कार किया। यह मोर्चा बना पर मजबूती नहीं आयी। स्वामीजी कुछ कर दिखाते तब तक मृत्यु ने यह मौका उन्हें नहीं दिया। फिर भी स्वामीजी बागियों के बीच अपनी अलग पहचान, किसान हित के प्रति कट्टर प्रतिबद्धता एवं अन्याय के खिलाफ अलग अन्दाज के लड़ाई के तरीके, विशिष्ट भाषा शैली, क्रान्ति के लिए आकुल छटपटाहट के लिए सदैव स्मरण किये जायेंगे। स्वामीजी का उदय, अस्त और मध्याद्द तीनों गौरवमय हैं। स्वामीजी का संन्यास और मार्क्सवाद की खाटी देशी समझ अन्त तक बनी रही। सूर्य उदय के समय भी लाल, डूबते भी लाल और दुपहर में तो प्रचण्ड तेज पुंज के साथ रहता ही है। स्वामीजी के उत्तरोत्तार विकास की थीसिस उनके प्रकाण्ड शास्त्राज्ञ को अनदेखा करती है। जूझने की वृत्ति प्रारम्भ से ही उनके स्वभाव का अंग रही है। बगैर प्रबल पराक्रम के 'ब्रह्मर्षि वंश विस्तार' और 'कर्मकलाप' की रचना सम्भव नहीं है। 'कर्मकलाप' में सारी पूजा विधियाँ, सन्ध्या वन्दन, सोलह संस्कार एक जगह सुबोध ढंग से संकलित हैं।

(1) स्वामीजी की शोधपूर्ण सामाजिक रचनायें-

  • (क) भूमिहार ब्राह्मण परिचय

  • (ख) झूठा भय मिथ्या अभिमान

  • (ग) ब्राह्मण कौन?

  • (घ) ब्राह्मण समाज की स्थिति

  • (ङ) ब्रह्मर्षि वंश विस्तार

  • (च) कर्मकलाप

(2) आत्म कथात्मक रचनायें-

  • (क) मेरा जीवन संघर्ष

  • (ख) किसान सभा के संस्मरण

  • (ग) महारुद्र का महाताण्डव

  • (घ) जंग और राष्ट्रीय आजादी

  • (ङ) अब क्या हो?

  • (च) गया जिले में सवा मास

  • (छ) संयुक्त किसान सभा, संयुक्त समाजवादी सभा के दस्तावेज

  • (ज) किसानों के दावे

  • (झ) ढकाईच का भाषण

मेरा जीवन संघर्ष ऐसी आत्मकथा है जिसमें अपनी कथा बहुत ही कम कही गयी है। इसमें परिवेश, पातगण, भौतिक मौजूदा परिस्थितियाँ, युग चित्रण, तथ्य निरूपण, तथ्यों का आकलन, समस्या, निदान, निष्कर्ष, सत्य का अन्वेषण, लड़ाई के विभिन्न चरण, विभिन्न मोड़, विभिन्न पड़ाव, विभिन्न घुमाव, वर्गों की भूमिका सबका चित्रण सरल पर सटीक और बेबाक ढंग से हुआ। सुभाष से मतभेद 'जंग और राष्ट्रीय आजादी' में वर्णित है। कम्युनिस्ट पार्टी से मतभेद का खुलासा एवं जयप्रकाश से खटपट का वर्णन किसान सभा के संस्मरण में है। हजारीबाग जेल में स्वामीजी जयप्रकाश पर क्रोध से किसानों की तरफ से कैडर, पैसा, सामग्री प्रदान में अवहेलना पर बिफर पड़े। महारुद्र का महाताण्डव में वर्गीय आधार पर इतिहास की व्याख्या है एवं कांग्रेस छोड़ने का कारण बयान है। लिखने का ढंग द्वन्द्वात्मक नहीं है, सरल एवं सपाट है। मार्क्सवाद से प्रभावित किसान क्रान्ति को पौराणीक शैली में कहा गया है। स्वामीजी वामदलों के संयुक्त मोर्चे के लिए कितने विकल थे, यह ढकाइच के भाषण, अब क्या हो से विदित होता है।

(3) विचारधारात्मक रचनायें-

  • (क) क्रान्ति और संयुक्त मोर्चा

  • (ख) गीता हृदय

  • (ग) किसानों के दावे

  • (घ) महारुद्र का महाताण्डव

  • (ङ) कल्याण में छपे लेख

स्वामीजी और सुभाष में क्रान्ति की परिभाषा पर कोई मतभेद नहीं है। लगता है, यह अध्याय संयुक्त चिन्तन का नतीजा है। दोनों क्रान्ति को एकमुश्त एवं मौलिक परिवर्तन से जोड़ कर देखते हैं। अन्तर क्रान्ति की मंजिल पर है। स्वामीजी किसान क्रान्तिकारी थे। अत: स्वाभाविक है कि इनका जोर जनवादी पर है एवं सुभाष का समाजवादी मंजिल पर है, पर स्वामीजी इसे बाल की खाल निकालने की विषय वस्तु नहीं बनाना चाहते हैं-यह पुस्तक के अन्त में स्पष्ट है। स्वामीजी अपने को बार-बार मार्क्सवादी घोषित करते हैं पर धर्म के सकारात्मक योगदान के प्रति उनका जुड़ाव, राष्ट्रवाद के प्रति निष्ठा, किसान प्रेम उन्हें कट्टर एकेडमिक मार्क्सवाद से बाहर कर देता है। स्वामीजी के मार्क्स के भारतीय संस्करण एक किस्म के थे। यह मार्क्सवाद देशी है जिसमें गाँव के मिट्टी की बास है। स्वामीजी की जमीन वेदान्त की थी, इस पर मार्क्स के महल थे। कुछ लोग महल देखने में जमीन पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। गीता धर्म के अन्दर मार्क्स की बातें आ जाती हैं बहुत कुछ मार्क्स के अन्दर गीता के तत्त्व स्वामीजी नहीं खोजते। स्वामीजी मार्क्स के भक्त थे। मार्क्स के ऐतिहासिक भौतिकवाद द्वन्द्वात्मक भौतिकवाद से स्वामीजी को लेना-देना न था। स्वामी जी मार्क्स से सिर्फ वर्ग-संघर्ष लिए थे, शेष उनका अपना स्वाध्याय और जीवन संघर्ष से सीखा ज्ञान था।

स्वामीजी चीनी क्रान्ति का मूल्यांकन कर किसान का महत्त्व भारतीय क्रान्ति के सन्दर्भ में रेखांकित करते हैं। अपनी बात की पुष्टि में लेनिन की फरवरी क्रान्ति के सोसाइटल नारे एवं माओ के चार वर्गीय मोर्चा की याद दिलाते हैं। जिसमें किसान भूमिका पर जोर बराबर है। सर्वहारा का नायकत्व मानने पर भी स्वामीजी किसान के सम्मिलित नेतृत्व को एक क्षण भी नहीं भूलते हैं। (किसान सभा के संस्मरण)

सर्वहारा के बराबर गरीब किसान की हैसियत किसी भी क्रान्ति में देना उस समय के कम्युनिस्टों को मंजूर नहीं हुई। स्वामीजी अधीनता पर राजी नहीं हुए। फिर भी स्वामीजी किसान मजदूर वर्ग की एकता और वामदलों की एकता को संयुक्त मोर्चा मानते थे। कम्युनिस्ट पार्टी साम्राज्यवाद विरोधी संघर्ष में कांग्रेस को ही नेशनल बुर्जुआ का प्रतिनिधि मानकर नेशनल फ्रण्ट का प्लेटफार्म मानती थी। इसी कारण गांधी से उनका जुड़ाव था। इसी ''नेशनल फ्रण्ट' की लाईन के खिलाफ स्वामीजी ने 'यूनाइटेड फ्रण्ट' की लाईन दी और 'जनता के जनवाद' की वकालत की। कम्युनिस्ट पार्टी की लाईन राष्ट्रीय जनवाद और नेशनल फ्रण्ट की थी। ऐसा प्रतीत होता है रूस की अक्टूबर क्रान्ति के प्रतिकूल चीनी लाईन की तरफ चीनी लाईन को भारतीय परिस्थिति लायक पुनर्निर्मित कर अपनाने के छिपे इशारे से भारत की रूस पंथी कम्युनिस्ट पार्टी भड़क गयी। स्वामीजी को चीनी या रूसी क्रान्ति लाईन की भयंकर हिंसा कबूल न थी। स्वामीजी की हिंसा आत्मरक्षार्थ मलिशिया एवं गरम वर्ग-संघर्ष तक ही सीमित थी- मार काट के स्वामीजी विरोधी थे। मार्क्स में धर्म और किसान और अहिंसा का संशोधान भारतीय कम्युनिस्टों को रास नहीं आया, यह किताब बहस की इसी कारण तलबगार न बन सकी।

गीता हृदय में स्वामीजी ने ज्ञान और कर्म के बीच सेतु बनाकर लोक संग्रह जनहित हेतु किये गये कर्म, अकर्म, विकर्म, सुकर्म सभी को संन्यास की कोटि का माना है। यह शंकर के अद्वैत वेदान्त का उच्चतम विकास है। जिसमें तिलक महाराज की सारी शंकाओं का माकूल उत्तर देकर कर्म के रास्ते ज्ञान योग की पूर्णता प्राप्ति की बात कही गयी-शर्त केवल एक है- कर्म संसार के हित में हो। सार्वभौम, सार्वकालिक, सार्वदेशिक गीता धर्म में मार्क्स, इस्लाम, क्रिस्चन सबको समेटने की क्षमता स्वामीजी देखते हैं यदि कर्मकाण्ड में बात को उलझाकर लोक संग्रह की कसौटी रखकर गीता धर्म का पालन किया जाये।

(4) किसान जमींदार से सम्बन्धित रचनायें-

  • (क) किसान कैसे लड़ते हैं?

  • (ख) किसान क्या करें?

  • (ग) जमींदारों का खात्मा कैसे हो

  • (घ) किसान के दोस्त और दुश्मन

  • (ङ) बिहार प्रान्तीय किसान सभा का घोषणा पत्र

  • (च) किसानों की फँसाने की तैयारियाँ

  • (छ) आन दी अदर साइड

  • (ज) रेण्ट रीडक्शन इन बिहार, हाउ इट वक्र्स

  • (झ) जमींदारी क्यों उठा दी जाय

  • (ञ) खेत मजदूर

  • (ट) झारखण्ड के किसान

  • (ठ) भूमि व्यवस्था कैसी हो?

  • (ड) किसान आन्दोलन क्यों और क्या?

  • (ढ) गया जिले के किसानों की करुण कहानी

  • (ण) अब क्या हो?

  • (त) कांग्रेस तब और अब

  • (थ) कांग्रेस ने किसानों के लिए क्या किया?

  • (द) महारुद्र का महाताण्डव

  • (धा) स्वामीजी की डायरी

  • (न) किसान सभा के दस्तावेज

  • (प) स्वामीजी के पत्राचार

  • (फ) लोक संग्रह के छपे लेख

  • (ब) जनता में छपे लेख

  • (भ) हुंकार में छपे लेख

  • (म) विशाल भारत में छपे लेख

  • (य) बागी में छपे लेख

  • (र) भूमिहार ब्राह्मण में छपे लेख

  • (ल) स्वामीजी की भाषण माला

  • (व) कृषक में छपे लेख

  • (श) योगी में छपे लेख

  • (ष) किसान सेवक

  • (स) अन्य लेख

भारत में यथार्थ एवं संगठित किसान आन्दोलन की नींव स्वामी सहजानन्द ने ही रखी थी। औपनिवेशिक सत्ता की पकड़ ढीली करने एवं स्वाधीनता का पक्ष प्रबल करने में किसान आन्दोलन ने किसान चेतना विकसित कर सर्वाधिक भूमिका अदा की। फौज के सिपाही भी आखिर किसान ही के बेटे थे जिन्होंने नभ सेना, नौसेना, आजाद हिन्द फौज, सिपाही विद्रोह में भाग लिया था जिनके डर से अंग्रेज 1947 में पलायित हो गये।

किसान सभा के संस्मरण, किसान कैसे लड़ते हैं, महारुद्र का महाताण्डव, मेरा जीवन संघर्ष, अब क्या हो? गया जिले में सवा मास, सब मिलाकर स्वामीजी की जीवनी पूरी हो जाती है। ये पुस्तकें शिक्षाप्रद एवं ओजपूर्ण हैं जो आजादी की लड़ाई के विविध पक्षों पर किसान दृष्टिकोण से पूरा प्रकाश डालती हैं। किसान सभा द्वारा चलाये गये संघर्षों का वृत्तान्त अनूठा और प्रेरणाप्रद तथा भविष्य की राह दिखाने वाला है। पुस्तक का विन्यास, प्रस्तुतीकरण मौलिक है। किसान को जगाने की, आन्दोलित करने की, जुझारू बनाने की, संगठित करने की पूरी जानकारी उस काल की प्राप्त होती है।

'किसान क्या करें' में अप्रकाशित भाग भी दिये जा रहे हैं। छोटे-छोटे दृष्टान्त, कहानी के माध्यम से किसान चेतना जगाने हेतु यह पुस्तक सरलतम भाषा में लिखी हुई है। यह किसान क्रान्तिकारियों के काम की पुस्तक है। यह किसान एक्टिविस्टों के लिए खासकर आज भी उपयोगी हैं। यह समझने में अति सुगम?। स्वामी सहजानन्द ने किसानों को अपने विशिष्ट तरीके से पंचतन्त्र की कहानी की तरह कम पढ़े किसानों को जरूरी ज्ञान पूरी तरह देने की इसमें कोशिश की है।

स्वामीजी भारतीय धर्मनिरपेक्षतावादियों के राष्ट्र के भीतर कई राष्ट्र की कल्पना से सिहर जाते थे। ये झारखण्ड को कम्युनिस्ट पार्टी की तरह 'उत्पीड़ित राष्ट्रीयता' नहीं कहकर झारखण्ड के किसान उनके जीविका के साधान के आधार पर कहते हैं। मामले को देखने की यह दृष्टि अनूठी है। स्वामीजी इसे नस्ल का मामला नहीं मानते थे। इसे वर्ग का मामला मानकर राष्ट्रव्यापी आन्दोलन से इसे एकताबद्ध करते थे। शोषण के तमाम रूपों का जमीनी विवरण है। जमींदार द्वारा शोषण, ओझा द्वारा शोषण, ट्रेड यूनियन के मजदूर नेता द्वारा शोषण सभी संक्षिप्त पर सटीक यथायोग्य है। 'किसान की करुण कहानी' उन वास्तविक स्थितियों का चित्रण है जिनके कारण भविष्य में किसानों के आक्रोश का भयंकर विस्फोट हुआ।

15 अगस्त 1947 को स्थापित राजसत्ता के चरित्र का चित्रण स्वामीजी ने यों किया है-

''यह सरकार मालदारों की है, जमींदारों की है...जहाँ ऐसी एसेम्बली है वहाँ किसानों का खुदा हाफिज।'' (हुंकार में मृत्यु उपरान्त 16 जुलाई, 1950 को प्रकाशित)

इस ग्रन्थावली की रचनाओं को एकत्रित करने में मुझे करीब चालीस साल लगे जिस दौरान मेरी अन्त:क्रिया हजारों लोगों से हुई। फिर भी प्रमुख तौर पर रामचन्द्र शर्मा गाजीपुर, त्रिवेणी शर्मा सुध कर गया से मुझे अपार सहयोग प्राप्त हुआ है। उन लोगों ने यदि प्रचुर सामग्री समय पर नहीं इकट्ठा की होती तब मेरे ऐसे व्यक्ति को और न मालूम कितने बरस इसमें खपाने पड़ते। ए.के. राय वी.एच.यू. केन्द्रीय पुस्तकालय का भी मैं आभारी हूँ जिनके सौजन्य से वहाँ की पूरी लायब्रेरी मेरे लिए सदैव सुलभ बनी हुई है। इस बृहत् रचनावली के प्रकाशन का सारा श्रेय प्रसन्न चौधारी देवघर, पुष्पेन्द्र सिंह हजियापुर गोपालगंज, और कर्मेन्दु शिशिर पटना को है। सर्वाधिक आभारी मैं अपनी मंझली चाची-मंझला चाचा का हूँ जिन्होंने मुझे किसान संघर्ष के क्रान्तिकारी गीत सुनाकर- संस्मरण सुनाकर मेरी किसान चेतना को परिपुष्ट किया। स्वामी सहजानन्द सरस्वती द्वारा सुझाया गया किसान-मजूर संश्रय का रास्ता यदि मध्य बिहार की हिंसा का समाधान करा सकता है तब मैं प्रकाशन का उद्देश्य सफल समझूँगा। आज की बदली परिस्थिति में जोत के विखण्डन से एवं बढ़ती आबादी तथा बेरोजगारी के कारण संघर्ष का रूप सरकार विरोधी तय साबित होता है एवं किसान क्रान्तिकारी लोग इस दिशा में किसान-मजूर संश्रय बनाकर उन्मुख होते हैं तब प्रकाशन का मकसद पूरा समझा जायेगा। किसानों को चाहिये कि बढ़ी हुई खेत-मजदूरी के लिए सरकार से सब्सिडी की माँग करते हुए संघर्ष करें एवं मजदूर को भी चाहिये कि किसान की उपज का वाजिब दाम हेतु संघर्षशील हो। खेत-मजदूर को मजदूरी का बड़ा हिस्सा जिंस के ही रूप में प्राप्त होता है। यह आधार बनता है संश्रय का। प्रकाशन में नैतिक सहयोग के लिए आल इण्डिया स्वामी सहजानन्द सरस्वती फाउण्डेशन के अध्यक्ष सांसद अरुण कुमार के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। 15 अगस्त, 1947 को गांधी-नेहरू-लोहिया-जयप्रकाश की आधी आजादी की बाबू वर्गीय धारा ने अपना लक्ष्य प्राप्त कर लिया पर बिरसा मुण्डा, भगतसिंह, सुभाष, सहजानन्द की पूर्ण आजादी की धारा अपना लक्ष्य प्राप्त न कर सकी-जग जाहिर है- समर शेष है...

स्व. कुबेरनाथ राय के अनुसार-''अथर्ववेद कहता है कि जो क्षुधित है, वही रुद्र है। रुद्र परमात्मा का वह रूप है जो नित्य क्षुधित है और अन्त में समस्त सृष्टि का भक्षण करके स्वयं का भी भक्षण कर निर्गुण निराकार परम संवित् के रूप में स्थित हो जाता है, साथ ही नयी सृष्टि की तैयारी करने के लिए योग निद्रा धारण कर लेता है। यह एक उच्च आइडिया है भारतीय दर्शन का।''

स्वामीजी का मन तो शास्त्र निष्णात विदग्धा मन है, अत: उनकी भाषा और मुहावरे में शास्त्रीय भाषा के संस्कार किसान क्रान्ति के ललकार भरे स्वर के साथ ओज और तेजोमय रूप में टपक ही जाते हैं। उन्होंने महारुद्र को प्रलयंकारी किसान विस्फोट के प्रतीक के रूप में लिया है ताकि किसान जागरण बल और तेज से सम्पन्न होता रहे।

''ताण्डव रुद्र का बिम्ब वे पुष्पदन्त के महिम्न: स्रोत से लेते हैं। यह शीर्षक बिम्ब है।''

स्वामी का आत्म कथ्य है-''मैं कमाने वाली जनता के हाथ में ही, सारा शासन सूत्र औरों से छीनकर देने का पक्षपाती हूँ। उनसे लेकर या उन पर दबाव डालकर देने दिलवाने की बात मैं गलत मानता हूँ। हमें लड़कर छीनना होगा। तभी हम उसे रख सकेंगे। यों आसानी से मिलने पर वह छिन जायेगा। यह धा्रुव सत्य है। यों मिले हुए को मैं सपने की सम्पत्ति मानता हूँ। मैं उस जीत को अगर वह हो भी जाये, हार ही मानता हूँ। क्योंकि किसान उसमें स्वावलम्बी बनेंगे नहीं, और यही लड़ाई का असली उद्देश्य है। वह हक तो कभी फिर छिन जायेगा जो आज गैरों के बल से मिला। जनसमूह का काम करने वालों को जनता में, अपने लक्ष्य में और अपने आप में अपार विश्वास रहना चाहिये, तभी सफलता मिलती है। मुझे तो किसानों में अमिट विश्वास है।''

अफगानिस्तान में कम्युनिस्ट सरकार के पतन और भारत में बहुराष्ट्रीय कम्पनियों की बढ़ती पकड़ से स्वामीजी की बात खरी उतरती है।

स्वामीजी पुन: लिखते हैं-''मैं किताबी ज्ञान नहीं चाहता। केवल किताबी ज्ञान से धोखा होता है। मैं लड़ाई और लड़ने वाला चाहता हूँ। जो किसानों, मजदूरों आदि को आर्थिक प्रोग्राम के आधार पर कहीं न कहीं उनका संगठन करके उनकी लड़ाई में सीधे शामिल न हों, वे लोग उनके और हमारे नेता या कार्यकर्ता नहीं हो सकते।''

स्वामीजी की बात जयप्रकाश-लोहिया ने अनसुनी कर दी जिन्होंने अजगर (अहीर, जाट, गूजर, राजपूत) की राजनीति को बढ़ावा दिया और लोहिया ने त्रिवेणी संघ (अहीर, कोयरी, कुर्मी) को बढ़ावा दिया और वर्ग की जगह जाति को राजनीति का आधार बनाया। जाति में विभक्ति किसानों की दुर्दशा का आज भी कारण है। यही कारण है किसान आधारित स्वामी सहजानन्द की राजनीति आज भी समय की माँग है ताकि किसान जाति-धर्म के चक्रव्यूह से बाहर आ सकें। किसान सवाल को देश की राजनीति का पुन: केन्द्र बनाना ही स्वामी जी की विरासत और वसीयत है।

राघव शरण शर्मा

N 9/31-C2
    बृज इन्क्लेव एक्सटेंशन

मनजीत कुमार

सुन्दरपुर वाराणसी
   फोन 0542-318287
 

 

मुखपृष्ठ | उपन्यास | कहानी | कविता | नाटक | आलोचना | विविध | भक्ति काल | हिंदुस्तानी की परंपरा | विभाजन की कहानियाँ | अनुवाद | ई-पुस्तकें | छवि संग्रह | हमारे रचनाकार | हिंदी अभिलेख | खोज | संपर्क

Copyright 2009 Mahatma Gandhi Antarrashtriya Hindi Vishwavidyalaya, Wardha. All Rights Reserved.